किशनगंज पुलिस का विशेष अभियान, 63 गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
किशनगंज पुलिस का विशेष अभियान, 63 गिरफ्तार


किशनगंज पुलिस का विशेष अभियान, 63 गिरफ्तार


किशनगंज, 15 सितंबर (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ अवैध बालू, शराब, मादक पदार्थ, पशु तस्करी, गृहभेदन और बाइक चोरी के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही वाहन जांच और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है।

7 से 13 सितंबर तक चलाए गए अभियान में किशनगंज पुलिस ने विभिन्न मामलों में कुल 63 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की साप्ताहिक उपलब्धि के अनुसार, वाहन जांच के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 4 लाख 94 हजार 500 रुपये शमन राशि वसूल की गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। अलग-अलग मामलों में 507 ग्राम स्मैक/ब्राउन शुगर/हेरोइन, 814 ग्राम एमडीएमए और 200 ग्राम गांजा बरामद किया गया।

वहीं, शराब के खिलाफ कार्रवाई में 126.075 लीटर विदेशी शराब और 55.055 लीटर देशी शराब जब्त की गई। पशु तस्करी के मामलों में 10 मवेशियों को भी बरामद किया गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर, चार मोटरसाइकिल, दो साइकिल, तीन टोटो और एक जुगाड़ गाड़ी भी जब्त की। इसके अलावा तीन तिरपाल, एक मोबाइल, एक ताश की गड्डी, 102 इलेक्ट्रिक आयरन, इलेक्ट्रिक आयरन के 444 सामान, 304 श्री-पलग, 880 लॉटरी टिकट, 106 बोरा यूरिया खाद और 6,230 रुपये नकद बरामद किए गए। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने आम लोगों से मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री से संबंधित सूचना एएनटीएफ हेल्पलाइन नंबर 9031816150 पर देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने की बात कही गई है।

पुलिस ने साइबर ठगी होने या ठगी का कॉल आने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story