अक्टूबर में किशनगंज पुलिस का अपराधियों पर प्रहार, 230 गिरफ्तार, 2.30 करोड़ की ब्राउन शुगर जब्त
किशनगंज, 03 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए किशनगंज पुलिस ने अक्टूबर माह में अपराधियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर एक से 31 अक्टूबर तक चले विशेष अभियान में अपराधियों, नशा तस्करों, शराब कारोबारियों, बालू माफियाओं और मवेशी तस्करों पर शिकंजा कसा गया।
एक महीने तक चली इस कार्रवाई में पुलिस ने विभिन्न आपराधिक मामलों में कुल 230 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस को बड़ी सफलता मिली।
अभियान के दौरान 995.5 ग्राम ब्राउन शुगर, स्मैक एवं हेरोइन बरामद की गई, जिसका अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपये आंका गया है। इसके अलावा 294 ग्राम एमडीएमए और 3.888 किलोग्राम गांजा भी जब्त किया गया।
मादक पदार्थों की इतनी बड़ी बरामदगी से जिले में सक्रिय नशा तस्करी के नेटवर्क पर पुलिस की सख्ती का अंदाजा लगाया जा सकता है। वहीं, मद्यनिषेध अभियान के तहत पुलिस ने 1144.795 लीटर विदेशी शराब और 234.75 लीटर देसी शराब बरामद की। इसके साथ ही 920 लीटर जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान में 37 मवेशी, 22 मोबाइल फोन, 16 ट्रक एवं ट्रैक्टर तथा 12 मोटरसाइकिल और साइकिलें जब्त की गईं।
इधर, यातायात नियमों के उल्लंघन और वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने 14 लाख 53 हजार 21 रुपये का जुर्माना वसूल किया। पुलिस ने गृहभेदन, बाइक चोरी और फर्जी कंपनी संचालित करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की।
अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 60 पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पुरस्कृत किया गया। वहीं, कार्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता और शिथिलता बरतने के आरोप में आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया, जबकि चार कर्मियों को विभागीय स्तर पर दंडित किया गया।पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने आम लोगों से अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ सहयोग की अपील की है।
मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी की सूचना एंटी नारकोटिक्स हेल्पलाइन 9031816150, साइबर ठगी की शिकायत 1930 और आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112 पर संपर्क करने की अपील की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

