किशनगंज पुलिस ने 40 लाख की हेरोइन के साथ दो तस्करों को दबोचा, सिंडिकेट का किया पर्दाफाश
किशनगंज, 03 अगस्त (हि.स.)। किशनगंज पुलिस ने डीआईयू, एएनटीएफ और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मादक पदार्थ तस्करी करने वाले एक सक्रिय सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उनके कब्जे से 200 ग्राम स्मैक (हेरोइन) और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है।
सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को 2 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि मालदा (पश्चिम बंगाल) से हेरोइन की बड़ी खेप किशनगंज लाई जा रही है।
सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें जिला आसूचना इकाई (डीआईयू), एएनटीएफ, किशनगंज थाना पुलिस और एसटीएफ के जवान शामिल थे।
संयुक्त टीम ने किशनगंज बस स्टैंड के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। रात करीब 10:30 बजे मालदा से आई एक बस से उतरकर दो युवक तेजी से स्टेशन की ओर जाने लगे।
पुलिस को संदेह होने पर उन्हें रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों भागने लगे।घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान बहादुरगंज थाना क्षेत्र के अफसाना रोड निवासी मुन्ना उर्फ मोहम्मद जमीर तथा रहमदनगर निवासी सोहेब आलम के पास से कुल 200 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे सिंडिकेट बनाकर मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करते हैं। पुलिस ने गिरफ्तार तस्करों के मोबाइल को जब्त कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
पूछताछ के आधार पर पश्चिम बंगाल के मालदा और बहादुरगंज क्षेत्र से जुड़े अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही इस गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच तथा अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति को चिह्नित कर जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
इस मामले में किशनगंज थाना कांड संख्या 868/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी)/21(बी) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी एएनटीएफ हेल्पलाइन नंबर 9031816150 पर दें। सूचनादाता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

