काली पूजा पर भक्तिमय हुआ किशनगंज, बूढ़ी काली मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
काली पूजा पर भक्तिमय हुआ किशनगंज, बूढ़ी काली मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब


किशनगंज, 09 नवंबर (हि.स.)। शहर में काली पूजा को लेकर उत्साह, उमंग और भक्ति का माहौल बना हुआ है। दीपावली की रात से शुरू हुई मां काली की आराधना में श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ जुटे हैं।

शहर के विभिन्न स्थायी मंदिरों और पूजा पंडालों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर मां काली की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना कर रहे हैं। काली पूजा को लेकर शहर के प्रसिद्ध ऐतिहासिक बूढ़ी काली मंदिर में विशेष रौनक देखने को मिल रही है।

मां के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर आसपास की सड़कों तक भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग अपनी बारी का इंतजार कर मां के दरबार में मत्था टेक रहे हैं।

श्रद्धालु दीप प्रज्वलित कर और अगरबत्ती अर्पित कर विधि-विधान से पूजा कर रहे हैं। काली पूजा के अवसर पर बूढ़ी काली मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। आधुनिक लाइटिंग, रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक तोरण द्वार मंदिर की खूबसूरती में चार चांद लगा रहे हैं। रात होते ही मंदिर परिसर और आसपास का इलाका रोशनी से जगमगा उठता है।

मंदिर की आकर्षक सजावट देखने के लिए शहर के अलावा ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। कई श्रद्धालु इस मनोरम दृश्य को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करते नजर आ रहे हैं।श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

प्रमुख मंदिरों, पूजा स्थलों और बाजारों में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। बूढ़ी काली मंदिर में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई है।

पुलिसकर्मी और पूजा समिति के स्वयंसेवक लगातार भीड़ नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने में जुटे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774432 Articles

Share this story