पहली सोमवारी पर शिवमय हुआ किशनगंज, बाबा भूतनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
पहली सोमवारी पर शिवमय हुआ किशनगंज, बाबा भूतनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब


किशनगंज, 03 अगस्त (हि.स.)। सावन माह की पहली सोमवारी पर किशनगंज जिला पूरी तरह शिवमय नजर आया। जिले के विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के प्रसिद्ध बाबा भूतनाथ गौशाला मंदिर में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है। तड़के से ही भक्तों की लंबी कतारें मंदिर परिसर में देखी गईं, जहां श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए पूजा-अर्चना कर रहे हैं।

सदर प्रखंड के बेलवा स्थित महानंद नदी से बड़ी संख्या में कांवड़िये और श्रद्धालु पवित्र जल भरकर करीब 15 किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए बाबा भूतनाथ गौशाला मंदिर पहुंचे। पूरे मार्ग में बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। सादे लिबास में पुलिसकर्मियों को भी निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर सेवा शिविर लगाए गए हैं, जहां पेयजल, प्राथमिक उपचार और विश्राम की व्यवस्था की गई है। बजरंग दल, वीर शिवाजी सेना सहित कई सामाजिक एवं धार्मिक संगठन भी सेवा शिविर संचालित कर कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं। वहीं, बेलवा स्थित महानंद नदी में स्नान एवं जल भरने आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों का पालन करने तथा सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story