पानी से भरे टब में गिरने से तीन वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

WhatsApp Channel Join Now
पानी से भरे टब में गिरने से तीन वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम


सुपौल, 16 जून (हि.स.)। जिले के बलुआ बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशनपुर शिवराम पंचायत के वार्ड संख्या-1 में एक हृदयविदारक हादसे में तीन वर्षीय मासूम बच्ची की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृत बच्ची की पहचान ब्रजेश कुमार राम की तीन वर्षीय पुत्री वैष्णवी कुमारी के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, वैष्णवी घर के पास चापाकल के समीप खेल रही थी। कुछ देर बाद जब वह नजर नहीं आई तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद बच्ची चापाकल के पास रखे पानी से भरे टब में गिरी हुई मिली। परिजन आनन-फानन में बच्ची को टब से बाहर निकालकर इलाज के लिए वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले गए। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टरों के अनुसार बच्ची की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही पानी में डूबने के कारण हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को सांत्वना दी। मृतका के पिता ब्रजेश कुमार राम ने बताया कि बच्ची कब खेलते-खेलते चापाकल के पास पहुंच गई और किस तरह पानी से भरे टब में गिर गई, इसका किसी को पता ही नहीं चल सका। देखते ही देखते एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story