सड़क किनारे खड़े चार वर्षीय मासूम को अज्ञात बाइक ने रौंदा, इलाज के दौरान मौत

WhatsApp Channel Join Now
सड़क किनारे खड़े चार वर्षीय मासूम को अज्ञात बाइक ने रौंदा, इलाज के दौरान मौत


सुपौल, 24 जुलाई (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के कुपड़िया वार्ड संख्या-1 में सड़क हादसे में घायल चार वर्षीय बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान चंदन कुमार के इकलौते पुत्र दुर्लभ कुमार (4) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, दुर्लभ कुमार घर के पास सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रही एक अज्ञात बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए सुपौल स्थित एक निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मासूम की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। बताया गया कि बच्चे के पिता चंदन कुमार दिल्ली में मजदूरी करते हैं।

घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है। परिजनों के अनुसार, दुर्लभ उनका इकलौता पुत्र था और उसकी कोई बहन नहीं है। बेटे की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलने पर त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।

थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि अज्ञात बाइक चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच चल रही है। आरोपी की पहचान होते ही उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रिहायशी इलाके में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण, नियमित पुलिस गश्त तथा सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story