खेलो इंडिया अस्मिता किकबॉक्सिंग में सुपौल की चार छात्राओं का जलवा, एक सिल्वर व तीन ब्रॉन्ज जीतकर नेशनल के लिए चयनित

WhatsApp Channel Join Now
खेलो इंडिया अस्मिता किकबॉक्सिंग में सुपौल की चार छात्राओं का जलवा, एक सिल्वर व तीन ब्रॉन्ज जीतकर नेशनल के लिए चयनित


सुपौल, 08 मार्च (हि.स.)। खेल को बढ़ावा देने के लिए सरकार की दूरगामी योजनाओं का असर अब दिखने लगा है। सुपौल जिले के ग्रामीण क्षेत्र की चार छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्टेट लेवल पर चयनित होकर नेशनल प्रतियोगिता में जगह बना ली है।

इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है, 26 से 29 मार्च तक तमिलनाडु के चेन्नई में आयोजित होने वाली वूमेन्स खेलो इंडिया अस्मिता किकबॉक्सिंग नेशनल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सुपौल जिले की चार छात्राओं का चयन हुआ है।

बताया गया कि किशनपुर प्रखंड के मलाढ़ स्थित कोसी पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाली इन चारों छात्राओं ने 26 फरवरी को सिलीगुड़ी में आयोजित खेलो इंडिया अस्मिता किकबॉक्सिंग जोनल लीग 2025-26 में भाग लिया था। प्रतियोगिता में राधा कुमारी ने सिल्वर मेडल हासिल किया, जबकि राजनंदनी, शिल्पी कुमारी और पंखुरी राज ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर स्टेट लेवल के लिए अपना स्थान पक्का किया।

अब स्टेट लेवल पर चयनित ये चारों छात्राएं आगामी 26 से 29 मार्च तक चेन्नई में आयोजित वूमेन्स किकबॉक्सिंग नेशनल लीग प्रतियोगिता में भाग लेंगी। स्कूल की चार छात्राओं के एक साथ चयनित होने से स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों में काफी खुशी और गर्व का माहौल है। स्कूल प्रबंधन ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story