भागलपुर में धूमधाम से मनाया गया खत्री दिवस, विजयादशमी पर हुआ भव्य शस्त्र पूजन

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर में धूमधाम से मनाया गया खत्री दिवस, विजयादशमी पर हुआ भव्य शस्त्र पूजन


भागलपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। खत्री सभा बिहार के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अभय बर्मन के नेतृत्व में एवं खत्री सभा भागलपुर के तत्वावधान में विजयादशमी के पावन अवसर पर खत्री कुल देवी दुर्गा स्थान (महन्थ लेन, जोगसर, भागलपुर) में अत्यंत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ 'खत्री दिवस' मनाया गया। इस अवसर पर खत्री समाज के बंधुओं एवं भगिनियों ने अपनी गौरवशाली परंपरा का निर्वहन करते हुए भव्य शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया। ऐतिहासिक कुल देवी स्थल पर शस्त्र पूजन करते हुए समाज के सदस्यों ने अत्यंत गर्व की अनुभूति की।

खत्री समाज के गौरवशाली इतिहास को रेखांकित करते हुए बताया गया कि इस पावन स्थल पर सन 1831 ईस्वी से लगातार खत्री समाज की कुल देवी मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर निरंतर पूजा-अर्चना की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान खत्री अम्बरीश वर्म्मन ने मां दुर्गा स्थान के प्रांगण में अल्पना से सुंदर रंगोली सजाई। साथ ही, उन्होंने गाय के गोबर से भगवान श्री गणेश और माता गौरी के प्रतीक चिन्हों के साथ-साथ मां दुर्गा के दस रूपों के दिव्य प्रतीक चिन्हों का निर्माण किया, जो आकर्षण का केंद्र रहे। शस्त्र पूजन का मुख्य अनुष्ठान पंडित सुमन झा के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। खत्री सभा बिहार के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अभय वर्म्मन ने उपस्थित समाज के सभी सदस्यों को खत्री दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा, आज के दिन मां दुर्गा के दसवें रूप मां अपराजिता देवी की विशेष पूजा की जाती है। खत्री समाज सदियों से मां दुर्गा, मां सती और मां हिंगलाज भवानी की शक्ति उपासना करता आ रहा है। हमारा इतिहास सदैव वीरतापूर्ण रहा है और खत्री समाज ने हमेशा राष्ट्र की रक्षा व भारत माता की सेवा में अग्रणी भूमिका निभाई है। विजयादशमी के दिन शस्त्र पूजन कर खत्री दिवस मनाने की यह परंपरा सदियों पुरानी है।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. अभय बर्मन, गणेश कपूर, सुनील खत्री, राजेश कुमार टंडन, मनोज कुमार सिंह, संजीव खत्री, विजय कुमार सिंह, चिंटू कपूर, किसन कपूर, रोहन कपूर, बिन्दर सिंह, सरदार राजवीर सिंह, सरदार अर्नव सिंह, रोनक कपूर, गौतम कपूर शामिल हुए। कार्यक्रम के समापन पर सभी भक्तों ने सामूहिक रूप से मां दुर्गा की महाआरती की। इसके पश्चात उपस्थित जनसमुदाय के बीच दही, बताशा, खीर और लड्डू का महाप्रसाद वितरित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764601 Articles

Share this story