शारदीय खरीफ कर्मशाला में किसानों को आधुनिक खेती और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
शारदीय खरीफ कर्मशाला में किसानों को आधुनिक खेती और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी


सुपौल, 18 जून (हि.स.)। जिले के बसंतपुर प्रखंड स्थित ई-किसान भवन में आयोजित शारदीय खरीफ कर्मशाला में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, सरकारी योजनाओं तथा बागवानी आधारित खेती के माध्यम से आय बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों से विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और वैज्ञानिक खेती अपनाने की अपील की।

कर्मशाला का उद्घाटन प्रखंड जदयू अध्यक्ष अनिल कुमार खेड़वार, बीस सूत्री अध्यक्ष पवन कुमार मेहता, व्यापार मंडल अध्यक्ष श्रीलाल गोठिया, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अमित कुमार, कृषि समन्वयक धर्मेंद्र कुमार एवं राजीव रंजन, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी मिथिलेश कुमार क्रांति तथा प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के दौरान किसानों को फॉर्मर रजिस्ट्री, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, बीज अनुदान योजना, मृदा जांच योजना और बिहार कृषि एप के उपयोग व आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों को समय पर पंजीकरण कराने और आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने चाहिए, ताकि सहायता राशि सीधे उनके खातों तक पहुंच सके।

प्रखंड उद्यान पदाधिकारी मिथिलेश कुमार क्रांति ने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ बागवानी फसलों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बसंतपुर क्षेत्र में केला उत्पादन की अच्छी संभावनाएं हैं। यहां की जलवायु और बाजार की उपलब्धता किसानों को बेहतर लाभ दिला सकती है।

उन्होंने बताया कि केले की बढ़ती मांग इसे किसानों के लिए लाभकारी फसल बनाती है।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि किसानों को आम के पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे तथा सरकार द्वारा निर्धारित अनुदान राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सीधे बैंक खातों में भेजी जाएगी।

कृषि अधिकारियों ने उन्नत बीजों के उपयोग, आधुनिक तकनीकों को अपनाने और कृषि विभाग की योजनाओं से जुड़ने पर जोर देते हुए कहा कि वैज्ञानिक खेती से उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ लागत में भी कमी लाई जा सकती है।कर्मशाला में बड़ी संख्या में किसान एवं कृषि विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस दौरान किसानों ने खेती और सरकारी योजनाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story