थोक खाद विक्रेताओं पर छोटे दुकानदारों के शोषण का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
थोक खाद विक्रेताओं पर छोटे दुकानदारों के शोषण का आरोप


बेतिया, 22 जुलाई (हि.स.)। जिले के नौतन प्रखंड क्षेत्र में यूरिया खाद की किल्लत तथा थोक खाद विक्रेताओं द्वारा छोटे दुकानदारों के कथित शोषण का मुद्दा बुधवार को कृषि सभागार में आयोजित उर्वरक निगरानी समिति की बैठक में प्रमुखता से उठा।

प्रमुख कृष्ण देव चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किसानों को समय पर एवं निर्धारित सरकारी दर पर खाद उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि नीरज उर्फ बबलू ने आरोप लगाया कि प्रखंड के थोक खाद विक्रेता छोटे दुकानदारों को यूरिया उपलब्ध कराने के बजाय जबरन जिंक और जाइम खाद दे रहे हैं। इससे छोटे दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और किसानों के बीच यूरिया खाद की कृत्रिम किल्लत उत्पन्न हो गई है।

उन्होंने कहा कि छोटे दुकानदारों को एकजुट होकर इस मामले में थोक विक्रेताओं के खिलाफ मोर्चा खोलना चाहिए तथा लिखित शिकायत संबंधित अधिकारियों को देनी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिकायत मिलने के बाद वरीय अधिकारियों से वार्ता कर दुकानदारों एवं किसानों की समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।

बैठक की शुरुआत से ही यूरिया खाद की कमी, जिंक एवं जाइम खाद की अनिवार्य आपूर्ति तथा महंगे दामों पर यूरिया की बिक्री का मुद्दा चर्चा का केंद्र बना रहा। जनप्रतिनिधियों ने धान की फसल के लिए किसानों को समय पर यूरिया नहीं मिलने पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

प्रमुख कृष्ण देव चौधरी ने सभी खाद विक्रेताओं से सरकारी निर्धारित दर पर ही किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में खाद की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में बीडीओ गिरधारी लाल, सीओ अलका कुमारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी नेहा राज, बीस सूत्री अध्यक्ष छोटे लाल कुशवाहा, बीसीओ विकास कुमार, अवधेश प्रसाद, शंभुनाथ कुशवाहा, बदरी यादव, राजेश कुशवाहा, राकेश तिवारी,राजू सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं खाद विक्रेता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

Share this story