22 साल का इंतजार खत्म, सीवान और महाराजगंज केंद्रीय विद्यालयों को मिलेगा अपना भवन

WhatsApp Channel Join Now
22 साल का इंतजार खत्म, सीवान और महाराजगंज केंद्रीय विद्यालयों को मिलेगा अपना भवन


22 साल का इंतजार खत्म, सीवान और महाराजगंज केंद्रीय विद्यालयों को मिलेगा अपना भवन


सीवान, 23 नवंबर (हि.स.)।जिले के शिक्षा जगत के लिए बड़ी खुशखबरी है। करीब 22 वर्षों से अपने भवन की प्रतीक्षा कर रहे केंद्रीय विद्यालय सीवान और 14 वर्षों से स्थायी भवन का इंतजार कर रहे केंद्रीय विद्यालय महाराजगंज के दिन अब बहुरने वाले हैं।

दोनों विद्यालयों के भवन निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। केंद्रीय विद्यालय संगठन ने जमीन उपलब्ध होने के बाद दोनों विद्यालयों के लिए 31-31 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी है। राशि आवंटित होने के साथ ही भवन निर्माण के लिए निविदा की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उम्मीद है कि दिसंबर तक निविदा प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और अगले वर्ष जनवरी से दोनों विद्यालयों में निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।

अपने भवन के अभाव में दूसरे शैक्षणिक संस्थानों के परिसर में संचालित हो रहे इन विद्यालयों को अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्थायी परिसर मिलेगा। केंद्रीय विद्यालय सीवान की शुरुआत दो अक्टूबर 2004 को दारोगा प्रसाद राय महाविद्यालय परिसर में हुई थी।

महाराजगंज केंद्रीय विद्यालय का शुभारंभ 19 मार्च 2012 को अनुमंडल के उजाय गांव स्थित श्री गौरी शंकर उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज परिसर में किया गया था। दोनों विद्यालयों के लिए जिला प्रशासन की ओर से जमीन उपलब्ध कराने में विलंब होने के कारण इनके अस्तित्व पर भी संकट खड़ा हो गया था। महाराजगंज केंद्रीय विद्यालय की शुरुआत वर्ष 2012 में कक्षा एक से छह तक के नामांकन के साथ हुई थी। पर्याप्त कमरे नहीं होने और अतिरिक्त भवन की व्यवस्था नहीं हो पाने के कारण केंद्रीय विद्यालय संगठन ने वर्ष 2013 से कक्षा एक में नया नामांकन बंद कर दिया।

इसके बाद प्रत्येक वर्ष निचली कक्षा से विद्यार्थियों की संख्या घटती चली गई। करीब दो वर्ष पहले जनप्रतिनिधियों के प्रयास से विद्यालय को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत गोरख सिंह महाविद्यालय परिसर में स्थानांतरित किया गया। इधर, सीवान के दारोगा प्रसाद राय महाविद्यालय परिसर में संचालित केंद्रीय विद्यालय को भी महाविद्यालय की ओर से भवन खाली करने के दबाव का सामना करना पड़ रहा था। जिला प्रशासन के सहयोग से महाराजगंज केंद्रीय विद्यालय के लिए तेघड़ा और सीवान केंद्रीय विद्यालय के लिए भैंसाखाल में जमीन उपलब्ध कराई गई। अब दोनों विद्यालयों के भवन केंद्रीय विद्यालय संगठन के निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए जाएंगे। इनमें सभी कक्षाओं के दो-दो सेक्शन संचालित करने की व्यवस्था होगी और प्लस टू तक की पढ़ाई के लिए पर्याप्त कक्षाएं बनाई जाएंगी। आधुनिक स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, भौतिकी, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान की प्रयोगशालाएं, गणित प्रयोगशाला और पुस्तकालय की सुविधा मिलेगी।

इसके अलावा प्राचार्य कक्ष, प्रशासनिक कार्यालय, शिक्षक कक्ष और चिकित्सा कक्ष भी बनाए जाएंगे। विद्यालय परिसर में स्वच्छ पेयजल, बिजली, अग्निशमन सुरक्षा, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए रैंप, छात्र-छात्राओं के लिए अलग शौचालय, चहारदीवारी और पार्किंग की व्यवस्था होगी।

विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के लिए इनडोर और आउटडोर खेल सुविधाएं, खेल मैदान तथा सहशैक्षणिक गतिविधियों के लिए स्थान विकसित किया जाएगा। प्राचार्य, शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों के लिए आवास निर्माण का भी प्रावधान रहेगा। दोनों विद्यालयों के भवन तैयार होने से जिले के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।

वर्षों से भवन के अभाव में प्रभावित पढ़ाई और नामांकन व्यवस्था को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। सीवान केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य हेमंत कुमार साहू ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा दोनों विद्यालयों के लिए भूमि उपलब्ध कराए जाने के बाद केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा भवन निर्माण के लिए 31-31 करोड रुपए की राशि जारी कर दी गई है ।

निविदा की प्रक्रिया शुरू हो गई है। दोनों जगह पर दो-दो सेक्शन वाले भवन का निर्माण होगा। इससे अधिक छात्रों का नामांकन संभव हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781807 Articles

Share this story