आसमान से बरसे फूल तो झूम उठे कांवरिया, तीसरी सोमवारी के लिए सुलतानगंज से 2 लाख से अधिक श्रद्धालु देवघर रवाना
भागलपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। सावन की तीसरी सोमवारी को लेकर बाबा बैद्यनाथ को जलार्पण करने के लिए सुलतानगंज में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। शुक्रवार दोपहर दो बजे तक 2,02,857 से अधिक कांवरिया उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र गंगाजल भरकर देवघर (बाबाधाम) के लिए रवाना हो चुके थे। देर शाम तक श्रद्धालुओं के आने-जाने का सिलसिला निर्बाध रूप से जारी रहा। सुहावने मौसम के बीच एक ओर जहां लाखों पदयात्रियों के कदमों से पूरा कांवरिया पथ भगवामय नजर आया, वहीं दूसरी ओर आसमान से हेलीकॉप्टर द्वारा की गई भव्य पुष्पवर्षा ने श्रद्धालुओं के उत्साह को दोगुना कर दिया।
प्रशासन द्वारा आसमान से मंडराते हेलीकॉप्टर से कांवरियों पर पुष्पवर्षा कराई गई। जैसे ही आसमान से फूल बरसे, श्रद्धालु झूम उठे और पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। अजगैबीनाथ मंदिर परिक्षेत्र, नमामि गंगे घाट और मुख्य कांवरिया पथ पर सुबह से ही 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के गगनभेदी नारे गूंजते रहे। नंगे पांव चल रहे कांवरियों के चेहरों पर थकान के बजाय बाबा के दर्शन की उत्सुकता और आस्था साफ झलक रही थी। कृष्णगढ़ नियंत्रण कक्ष से मिले आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन दर्ज किया गया। दोपहर तक ही दो लाख से अधिक शिवभक्त देवघर के लिए कूच कर चुके थे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि कांवरियों को कोई परेशानी न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

