कटिहार में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन: 15 से 29 वर्ष के युवा दिखाएंगे प्रतिभा, 28 अक्टूबर तक करें आवेदन

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 24 अक्टूबर (हि.स.)। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन कटिहार के संयुक्त तत्वावधान में 'जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026' का आयोजन किया जा रहा है। इस उत्सव में जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभावान युवा विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा उत्सव में कटिहार का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

पांच विधाओं में होंगी प्रतियोगिताएं:

युवा उत्सव के तहत कुल पांच सांस्कृतिक विधाओं में प्रतिस्पर्धा होगी। इसमें समूह लोकगीत, समूह लोकनृत्य, पेंटिंग, नुक्कड़ नाटक और कविता लेखन को शामिल किया गया है। नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन, समूह लोकगीत व समूह लोकगायन में अव्वल आने वाले कलाकार सीधे राज्य स्तर पर जिले की दावेदारी पेश करेंगे। प्रतियोगिता में जिले के सभी सरकारी व गैर-सरकारी विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं, कलाकारों और अन्य इच्छुक युवा शामिल हो सकते हैं। आयु सीमा की गणना 17 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी।

आवेदन व 'माई भारत' पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य:

इच्छुक प्रतिभागियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, कटिहार (प्रखंड/अंचल कार्यालय के सामने, आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र) से प्राप्त करना होगा। भरे हुए आवेदन को 28 अक्टूबर 2026 तक कार्यालय में जमा करना अनिवार्य है, ताकि समय रहते सभी प्रतिभागियों का 'माई भारत' पोर्टल पर अनिवार्य पंजीकरण कराया जा सके।

कार्यक्रम में प्रतिभागिता और विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक युवा दूरभाष संख्या 6200997987 पर अथवा सीधे कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766080 Articles

Share this story