मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए एक माह चलेगा विशेष अभियान

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 08 अक्टूबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के उपरांत निर्वाचक सूची से छूटे हुए और पहली बार पात्र बने युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए एक महीने का विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे और पात्रता की पुष्टि होने पर प्रपत्र-6 के माध्यम से छूटे नागरिकों का नाम अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में दर्ज करेंगे।

पुरानी व नई सूची का मिलान कर होगी पहचान

जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार के आदेश के आलोक में चलाए जा रहे इस अभियान में बीएलओ विशेष गहन पुनरीक्षण से पूर्व की और वर्तमान मतदाता सूची का तुलनात्मक अध्ययन करेंगे। ऐसे मतदाता जो पूर्व की सूची में दर्ज थे लेकिन वर्तमान सूची में शामिल होने से रह गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उनका भौतिक सत्यापन किया जाएगा। प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सत्यापन सूची संबंधित मतदान केंद्रों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के साथ भी साझा की जाएगी।

कमजोर वर्गों और बस्तियों के लिए विशेष शिविर

मतदान केंद्रों पर सामान्य सत्यापन के साथ-साथ यह सुनिश्चित किया जाएगा कि समाज का कोई भी वंचित वर्ग मतदान अधिकार से न छूटे। इसके लिए आवश्यकतानुसार रात्रि आश्रयों (रैन बसेरों), श्रमिक बस्तियों, गृहविहीन और कमजोर वर्गों के इलाकों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।

प्रशासन रखेगा सीधी निगरानी

अभियान की कार्यप्रणाली और समयबद्धता पर जिला प्रशासन की सीधी नजर रहेगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा अभियान के सभी चरणों की नियमित समीक्षा व प्रभावी निगरानी की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story