कटिहार को वंदे भारत और दक्षिण भारत के लिए सीधी ट्रेन मिले, तारिक अनवर ने रेलवे बोर्ड से की मांग

WhatsApp Channel Join Now
कटिहार को वंदे भारत और दक्षिण भारत के लिए सीधी ट्रेन मिले, तारिक अनवर ने रेलवे बोर्ड से की मांग


कटिहार, 16 मई (हि.स.)। सीमांचल की रेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सांसद तारिक अनवर ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष को पत्र लिखकर कई अहम मांगें रखी हैं। उन्होंने लंबे समय से लंबित मुद्दों पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है।

कटिहार जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता पंकज कुमार तमाखुवाला ने बताया कि सांसद ने पत्र में लिखा है कि कटिहार रेल मंडल एनएफ रेलवे का बेहद महत्वपूर्ण और रणनीतिक मंडल है। इसे मजबूत करने से सीमांचल के लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी और पूर्वोत्तर भारत का देश के बाकी हिस्सों से संपर्क भी आसान होगा।

सांसद ने कटिहार-मनिहारी-तेजनारायणपुर रेलखंड को मालदा टाउन तक बढ़ाने की मांग की है। साथ ही कटिहार से चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद और तिरुवनंतपुरम के लिए रोजाना सीधी ट्रेन चलाने को कहा है।

उन्होंने कटिहार में मनीया बाईपास लाइन और नए स्टेशन की रिपोर्ट तैयार करने, दैनिक यात्रियों के लिए इएमयू लोकल सेवा शुरू करने और आपातकालीन कोटा बढ़ाने की भी मांग की है।

इसके अलावा सुधानी स्टेशन पर गरीब नवाज एक्सप्रेस और काढ़ागोला रोड में अवध-असम एक्सप्रेस के ठहराव की मांग रखी गई है। सांसद ने कटिहार से दरभंगा के बीच नई इंटरसिटी एक्सप्रेस, कटिहार-कोलकाता वंदे भारत एक्सप्रेस और कटिहार-रांची सीधी रेल सेवा शुरू करने को कहा है।

सांसद ने जिले में स्वीकृत और प्रस्तावित सभी आरओबी-आरयूबी परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति भी मांगी है।

सांसद तारिक अनवर ने कहा कि सीमांचल के लाखों लोग इलाज, पढ़ाई, नौकरी और व्यापार के लिए ट्रेन पर निर्भर हैं। रेल मंत्रालय को इन जनहित के मुद्दों पर प्राथमिकता से फैसला लेना चाहिए। उन्हें भरोसा है कि रेल मंत्रालय जल्द इन मांगों पर काम शुरू करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story