कटिहार में ट्रैफिक नियम तोड़े तो ढीली होगी जेब: एक ही दिन में 262 चालान, 10 लाख से अधिक जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
कटिहार में ट्रैफिक नियम तोड़े तो ढीली होगी जेब: एक ही दिन में 262 चालान, 10 लाख से अधिक जुर्माना


कटिहार, 14 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों के कड़े अनुपालन को लेकर परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत बुधवार को जिले में 262 वाहनों के चालान काटे गए। इस दौरान विभिन्न नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों से कुल 10,04,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

परिवहन विभाग की टीम ने महिला थाना के समीप और सिरसा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान विशेष रूप से बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने, गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में ड्राइविंग और ओवरलोडिंग के मामलों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा लंबी दूरी की यात्री बसों के परमिट व अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई, साथ ही नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और बिना पंजीकरण सड़कों पर दौड़ रहे ई-रिक्शा (टोटो) व ऑटो को भी जब्त कर जुर्माना लगाया गया।

कार्रवाई के दायरे में वाहन विक्रेताओं को भी लिया गया है। विभाग ने नए वाहनों के पंजीकरण में अनावश्यक देरी करने वाले ऑटोमोबाइल डीलरों और शोरूम संचालकों को कड़ी चेतावनी दी है। स्पष्ट किया गया है कि बिना वैध पंजीकरण के सड़क पर वाहन चलते पाए जाने की स्थिति में चालक के साथ-साथ संबंधित डीलर के विरुद्ध भी कानूनी जवाबदेही तय की जाएगी।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान सभी अनिवार्य दस्तावेज साथ रखें, दोपहिया पर हेलमेट व कार में सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें और किसी भी स्थिति में नाबालिगों को वाहन न सौंपें।

विभागीय जानकारी के अनुसार यह विशेष जांच अभियान 20 अक्टूबर तक लगातार चलेगा। इसके बाद भी जिले के विभिन्न संवेदनशील मार्गों पर नियमित औचक जांच जारी रहेगी। इस अभियान का प्राथमिक उद्देश्य राजस्व वसूली के साथ-साथ सड़क हादसों पर अंकुश लगाना और आम नागरिकों को सुरक्षित सफर के प्रति जागरूक करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760867 Articles

Share this story