आईसीडीएस रैंकिंग: बिहार में अव्वल बना कटिहार, सभी 38 जिलों को पछाड़ हासिल किया पहला स्थान

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 18 अक्टूबर (हि.स.)। समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस) के अंतर्गत सितंबर 2026 की मासिक जिला रैंकिंग में कटिहार जिले ने राज्यभर में प्रथम स्थान प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। बिहार के सभी 38 जिलों के प्रदर्शन की समीक्षा के बाद जारी रिपोर्ट में कटिहार शीर्ष पर रहा। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के कुशल नेतृत्व और सतत मार्गदर्शन में जिले ने आंगनबाड़ी सेवाओं, पोषण संबंधी गतिविधियों और पूरक पोषाहार वितरण के तमाम सूचकांकों में अव्वल प्रदर्शन किया है।

लाभार्थी सत्यापन व राशन वितरण में 99% से अधिक उपलब्धि

रैंकिंग रिपोर्ट के अनुसार, कटिहार जिले ने योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय सफलता दर्ज की है। फेस रिकॉग्निशन सिस्टम के माध्यम से सभी लाभार्थियों का 99.21 प्रतिशत तथा टेक-होम राशन के 99.73 प्रतिशत लाभार्थियों का सत्यापन दर्ज किया गया। वहीं वितरण व्यवस्था में टेक-होम राशन का वितरण 99.91 प्रतिशत और गरम पका भोजन का वितरण 99.10 प्रतिशत रहा। दोनों का संयुक्त औसत प्रदर्शन 99.79 प्रतिशत दर्ज किया गया।

केंद्रों की आधारभूत संरचना भी हुई सुदृढ़

जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं के विकास में भी व्यापक सुधार देखा गया है। जिले के 99.85 प्रतिशत आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल, 99.23 प्रतिशत केंद्रों पर शौचालय तथा 98.19 प्रतिशत केंद्रों पर विद्युत कनेक्शन की उपलब्धता सुनिश्चित की जा चुकी है, जिसके चलते बच्चों और धात्री महिलाओं को बेहतर परिवेश मिल रहा है।

प्रशासनिक टीमवर्क और सतत अनुश्रवण का परिणाम

इस शानदार उपलब्धि पर जिला प्रशासन ने इसे मैदानी कर्मियों के अथक परिश्रम और टीमवर्क का नतीजा बताया है। इस सफलता में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) कुमारी पूर्णिमा, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ), जिला व प्रखंड समन्वयक, महिला पर्यवेक्षिकाएं तथा आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं की भूमिका अहम रही। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी पोषण सेवाओं की गुणवत्ता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को इसी प्रकार शीर्ष स्तर पर बनाए रखा जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762985 Articles

Share this story