कटिहार में स्थापित हो ‘बिहार केसरी’ डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की प्रतिमा : कुर्मी क्षत्रिय महासभा

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 25 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री 'बिहार केसरी' डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर कटिहार में उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठी है। इस संबंध में अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा, जिला शाखा कटिहार ने जिला प्रशासन को एक मांग पत्र सौंपकर शहर के किसी प्रमुख स्थल पर श्रीबाबू की प्रतिमा स्थापित करने का आग्रह किया है।

महासभा के शिष्टमंडल का नेतृत्व कर रहे अपर लोक अभियोजक (एपीपी) विनोद कुमार व अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि डॉ. श्रीकृष्ण सिंह ने आधुनिक बिहार के निर्माण और सामाजिक समरसता में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। नई पीढ़ी को उनके विचारों और संघर्षों से अवगत कराने के लिए जिले में उनकी प्रतिमा का होना आवश्यक है। संगठन ने प्रशासन से स्थल चयन और प्रतिमा स्थापना की प्रशासनिक प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की है।

गौरतलब है कि 21 अक्टूबर 1887 को जन्मे डॉ. श्रीकृष्ण सिंह स्वतंत्रता संग्राम में महात्मा गांधी के प्रमुख सहयोगियों में थे और उन्होंने आंदोलनों के दौरान करीब आठ वर्ष जेल में बिताए। वे 1937 और फिर 1946 से 31 जनवरी 1961 (निधन) तक लगातार राज्य के मुख्यमंत्री रहे।

अपने मुख्यमंत्रित्व काल में उन्होंने देश में सबसे पहले जमींदारी उन्मूलन कानून लागू कराया, देवघर के बैद्यनाथ धाम मंदिर में दलितों के प्रवेश का ऐतिहासिक नेतृत्व किया तथा बरौनी रिफाइनरी व सिंदरी खाद कारखाना जैसी विशाल औद्योगिक इकाइयों की स्थापना कर बिहार के औद्योगिकीकरण की मजबूत नींव रखी थी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766505 Articles

Share this story