महादलित टोलों में शत-प्रतिशत शौचालय निर्माण का लक्ष्य जल्द करें पूरा: डीडीसी

WhatsApp Channel Join Now
महादलित टोलों में शत-प्रतिशत शौचालय निर्माण का लक्ष्य जल्द करें पूरा: डीडीसी


कटिहार, 26 अक्टूबर (हि.स.)। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों के महादलित टोलों में शत-प्रतिशत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण और उसके नियमित उपयोग को लेकर उप विकास आयुक्त डॉ० नेहा कुमारी ने विकास भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक की। बैठक में डीडीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि महादलित टोलों को पूर्ण रूप से ओडीएफ प्लस बनाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, लिहाजा अधूरे पड़े शौचालयों का निर्माण विशेष अभियान चलाकर अविलंब पूरा कराएं।

12,183 लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 40 फीसदी निर्माण

समीक्षा के दौरान पाया गया कि जिले के महादलित टोलों में निर्धारित 12,183 के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 4,872 (40 प्रतिशत) शौचालयों का निर्माण कार्य पूरा हो सका है। डीडीसी ने शेष 60 फीसदी लक्ष्य को मिशन मोड में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, प्रखंड समन्वयकों (स्वच्छता) तथा जीविका के बीपीएम को आपसी समन्वय बनाकर कार्य की गति तेज करने को कहा।

30 नवंबर तक सत्यापन और जियो-टैगिंग की डेडलाइन

उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि निर्मित सभी शौचालयों का 30 नवंबर तक अनिवार्य रूप से सत्यापन और जियो-टैगिंग सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को मिलने वाली 12,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि का भुगतान त्वरित गति से उनके खातों में किया जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि शौचालय निर्माण, सत्यापन एवं भुगतान प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों व कर्मियों पर विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जीविका दीदियों को 10 हजार का ब्याज रहित ऋण

अभियान को गति देने के लिए आर्थिक रूप से कमजोर जीविका दीदियों को संकुल स्तरीय संघ के माध्यम से 10,000 रुपये का ब्याज रहित ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे आसानी से शौचालय का निर्माण करा सकें। डीडीसी ने ग्रामीणों को इसके नियमित उपयोग के प्रति जागरूक करने के लिए सामुदायिक बैठकों के आयोजन का निर्देश दिया। किसी भी तकनीकी सहायता अथवा जानकारी के लिए जिला जल एवं स्वच्छता समिति के जिला समन्वयक के मोबाइल नंबर 7979984946 पर संपर्क किया जा सकता है।

बैठक में डीआरडीए निदेशक सुदामा प्रसाद सिंह, जिला समन्वयक (स्वच्छता) अब्दुल कैयूम, डीपीएम (जीविका) सहित सभी बीडीओ एवं स्वच्छता समन्वयक उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767272 Articles

Share this story