वज्रपात से सुरक्षा के लिए विशेष मुहिम: 10 दिनों तक 16 प्रखंडों में घूमेंगे एलईडी रथ

WhatsApp Channel Join Now
वज्रपात से सुरक्षा के लिए विशेष मुहिम: 10 दिनों तक 16 प्रखंडों में घूमेंगे एलईडी रथ


कटिहार, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में आकाशीय बिजली (वज्रपात) और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले जान-माल के नुकसान को न्यूनतम करने के उद्देश्य से सोमवार को विशेष जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान के तहत समाहरणालय परिसर से जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने चार सुसज्जित एलईडी युक्त ‘वज्रपात सुरक्षा रथों’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

10 दिनों में 16 प्रखंडों की 80 संवेदनशील पंचायतों का होगा भ्रमण

यह विशेष जागरूकता रथ अगले 10 दिनों तक जिले के सभी 16 प्रखंडों के अंतर्गत चिन्हित 80 संवेदनशील पंचायतों में पहुंचेंगे। वाहनों में स्थापित उच्च गुणवत्ता वाले P6 एलईडी स्क्रीन और साउंड सिस्टम के माध्यम से ग्रामीणों को ऑडियो-विजुअल संदेशों द्वारा वज्रपात से बचाव, तात्कालिक सावधानियों और सुरक्षा मानकों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

आपदा मित्र करेंगे मॉकड्रिल, 'सचेत' ऐप डाउनलोड करने की अपील

प्रचार-प्रसार को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक सुरक्षा रथ के साथ 2 प्रशिक्षित ‘आपदा मित्र’ तैनात किए गए हैं। ये आपदा मित्र गांव-गांव में जनसंपर्क कर हैंडबिल्स/पैम्पलेट वितरित करेंगे और मॉकड्रिल के जरिए आपात स्थिति में सुरक्षित रहने की तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा ग्रामीणों को वज्रपात की पूर्व चेतावनी प्राप्त करने के लिए मोबाइल में ‘सचेत’ ऐप डाउनलोड करने और उसके उपयोग के प्रति भी प्रेरित किया जाएगा।

प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी

फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) फिरोज अख्तर, जिला गोपनीय प्रशाखा के प्रभारी पदाधिकारी अभिषेक कुमार, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी सुश्री रीतिका भारती सहित आपदा प्रबंधन शाखा व समाहरणालय के अन्य पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि समय पर सटीक सूचना और सतर्कता ही आपदा से सुरक्षा का सबसे बड़ा माध्यम है।

आपदा से बचाव के लिए प्रशासन की प्रमुख सलाह:

मेघ गर्जन और बारिश के समय खुले खेतों, मैदानों या जलस्रोतों (नदी-तालाब) के समीप न जाएं।

पेड़ों, बिजली के खंभों, टावरों और अन्य ऊंची संरचनाओं से तुरंत दूर हटें तथा पक्के मकानों में शरण लें।

मौसम पूर्वानुमान और प्रशासनिक चेतावनियों पर लगातार नजर रखें तथा घबराने के बजाय सुरक्षा मानकों का पालन करें।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766984 Articles

Share this story