काढ़ागोला गंगा घाट पर 4 नवंबर को मनेगा भव्य 'गंगा उत्सव'

WhatsApp Channel Join Now


कटिहार, 01 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार) एवं बिहार राज्य गंगा नदी संरक्षण कार्यक्रम प्रबंधन सोसाईटी, पटना के निर्देशानुसार आगामी 4 नवंबर (बुधवार) को जिले में भव्य ‘गंगा उत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। बरारी प्रखंड स्थित ऐतिहासिक काढ़ागोला गंगा घाट पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गंगा नदी को स्वच्छ रखने हेतु व्यापक जन-जागरूकता पैदा करना है। उत्सव के सफल और गरिमामय संचालन के लिए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

तय रूपरेखा के अनुसार, कार्यक्रम का शुभारंभ 4 नवंबर की सुबह 8:00 बजे काढ़ागोला गंगा घाट पर स्वच्छता हेतु श्रमदान, गंगा स्वच्छता शपथ और पौधारोपण के साथ होगा। वहीं, शाम 5:10 बजे से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, महा गंगा आरती और दीप-दान का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा दिनभर संगोष्ठी, कार्यशाला एवं जन-जागरूकता से जुड़ी अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

घाट पर श्रमदान और जागरूकता गतिविधियों में युवाओं की सक्रिय सहभागिता रहेगी। इसके लिए 'मेरा युवा भारत' के 34 स्वयंसेवकों और 35 बिहार बटालियन एनसीसी (पूर्णिया) के 50 कैडेट्स की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। वन क्षेत्र पदाधिकारी को पर्याप्त संख्या में पौधे उपलब्ध कराने तथा जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सफल समन्वय का दायित्व सौंपा गया है। बरारी के बीडीओ, सीओ, बीपीआरओ एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को स्वच्छता कर्मियों की तैनाती सहित घाट स्तर की सभी बुनियादी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने का जिम्मा दिया गया है।

विधि-व्यवस्था व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए अनुमंडल पदाधिकारी कटिहार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-2) को वरीय प्रभार सौंपा गया है। डीएम ने कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, अग्निशमन दस्ते की मौजूदगी तथा एम्बुलेंस व जीवन रक्षक दवाओं के साथ मेडिकल टीम की ससमय तैनाती के निर्देश सिविल सर्जन को दिए हैं। साथ ही जिला गंगा समिति एवं सूचना व जनसंपर्क विभाग को कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770394 Articles

Share this story