बाढ़ से फसल क्षति: कटिहार के 2,892 किसानों के खातों में भेजे गए ₹1.34 करोड़, सीएम ने डीबीटी से जारी किया इनपुट अनुदान

WhatsApp Channel Join Now
बाढ़ से फसल क्षति: कटिहार के 2,892 किसानों के खातों में भेजे गए ₹1.34 करोड़, सीएम ने डीबीटी से जारी किया इनपुट अनुदान


कटिहार, 14 अक्टूबर (हि.स.)। अगस्त माह के अंतिम सप्ताह में आई भीषण बाढ़ से फसल क्षति झेलने वाले कटिहार जिले के 2,892 किसानों के बैंक खातों में बुधवार को कृषि इनपुट अनुदान की राशि अंतरित कर दी गई। मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से जिले के किसानों के खातों में कुल 1,34,33,614.62 रूपये (एक करोड़ चौंतीस लाख तैंतीस हजार छह सौ चौदह रुपये बासठ पैसे) की राशि सीधे भेजी।

इस वित्तीय सहायता से बाढ़ के कारण नुकसान झेल चुके अन्नदाताओं को कृषि कार्यों को दोबारा शुरू करने तथा आगामी फसल की बुआई की तैयारी में सीधा आर्थिक संबल मिलेगा।

पटना में आयोजित इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव और कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा उपस्थित रहे। वहीं, कटिहार जिले से जिलाधिकारी, गोपनीय प्रशाखा के विशेष कार्य पदाधिकारी अभिषेक रंजन, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), जिला कृषि पदाधिकारी सहित अन्य वरीय प्रशासनिक अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से जुड़े।

प्राकृतिक आपदाओं के समय किसानों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से राहत पहुंचाना सरकार की मुख्य प्राथमिकता है। डीबीटी व्यवस्था से बिना किसी बिचौलिये के सहायता राशि सीधे पात्र किसानों तक पहुंची है। जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ समय पर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760701 Articles

Share this story