पीएम राहत योजना: कटिहार ने रचा इतिहास, बिहार में पहली बार ई-डार से टीएमएस लिंक कर मिला प्री-अप्रूवल

WhatsApp Channel Join Now
पीएम राहत योजना: कटिहार ने रचा इतिहास, बिहार में पहली बार ई-डार से टीएमएस लिंक कर मिला प्री-अप्रूवल


पीएम राहत योजना: कटिहार ने रचा इतिहास, बिहार में पहली बार ई-डार से टीएमएस लिंक कर मिला प्री-अप्रूवल


कटिहार, 04 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में कटिहार जिले ने पूरे बिहार में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति के इलाज के लिए राज्य में पहली बार ‘ई-डार विक्टिम आईडी’ को ‘टीएमएस आईडी’ से सफलतापूर्वक लिंक कर ‘प्री-अप्रूवल’ प्राप्त किया गया है। इसके साथ ही पीड़ित को योजना के तहत त्वरित और पूरी तरह कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध करा दी गई।

अफसर की तत्परता और राहगीर की मानवता आई काम

घटना 3 नवंबर की है, जब मनिया के समीप सड़क दुर्घटना में मुन्ना कुमार उरांव गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद जिला परिवहन पदाधिकारी डेजी रानी ने तुरंत संवेदनशीलता दिखाते हुए घायल को एम्बुलेंस से रेडिएंट अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान राहगीर अंकुर कुमार ने मानवीय मिसाल पेश करते हुए घायल को अकेला नहीं छोड़ा और अस्पताल में उपचार शुरू होने तक साथ डटे रहे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए मरीज को बेहतर इलाज के लिए केएमसीएच, कटिहार रेफर कर दिया।

तकनीकी प्रक्रिया पूरी कर हासिल किया प्री-अप्रूवल

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआरएम एनआईसी रूपेश कुमार एवं मुफस्सिल थाना के अपर थानाध्यक्ष तबरेज़ आलम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल ‘एक्सीडेंट आईडी’ बनाई गई और पीड़ित का संपूर्ण विवरण दर्ज कर ‘ई-डार विक्टिम आईडी’ तैयार की गई। इसके बाद केएमसीएच में इसे ‘टीएमएस आईडी’ से लिंक कर इलाज के लिए जरूरी ‘प्री-अप्रूवल’ हासिल कर लिया गया।

विभागों के बेहतर समन्वय से बनी मिसाल

इस पूरी प्रक्रिया को धरातल पर उतारने में जिला परिवहन पदाधिकारी, डीआरएम एनआईसी, पुलिस प्रशासन तथा डीपीसी आयुष्मान भारत का सराहनीय योगदान रहा। सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों के बीच त्वरित समन्वय से न केवल पीड़ित को समय पर कैशलेस चिकित्सा सहायता मिली, बल्कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में जिले ने पूरे राज्य के लिए एक नया मॉडल भी पेश किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story