सुखासन में 'सहयोग शिविर': जब रोते मासूम को डीएम ने गोद में उठाया, आंसुओं के बीच खिल उठी मुस्कान

WhatsApp Channel Join Now
सुखासन में 'सहयोग शिविर': जब रोते मासूम को डीएम ने गोद में उठाया, आंसुओं के बीच खिल उठी मुस्कान


कटिहार, 03 नवंबर (हि.स.)। जिले के बरारी प्रखंड की सुखासन पंचायत में मंगलवार को आयोजित 'सहयोग शिविर' में जिला प्रशासन का एक संवेदनशील और मानवीय चेहरा देखने को मिला। शिविर का जायजा लेने पहुंचे जिलाधिकारी (डीएम) आशुतोष द्विवेदी ने न केवल ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी निष्पादन का निर्देश दिया, बल्कि भीड़ में परेशान एक असहाय महिला के रोते हुए दो वर्षीय मासूम को अपनी गोद में उठाकर दुलार किया। डीएम के इस अपनत्व भरे व्यवहार ने शिविर में मौजूद हर नागरिक का दिल जीत लिया।

शिविर के दौरान फरियाद लेकर पहुंची एक गरीब महिला हाथ में अर्जी और गोद में रोते बच्चे को संभालने में काफी असहज हो रही थी। गर्मी और भीड़ से बेहाल बच्चे पर जैसे ही डीएम की नजर पड़ी, वे अपनी कुर्सी से उठकर तुरंत महिला के पास पहुंचे। उन्होंने महिला की समस्या को आत्मीयता से सुनते हुए बच्चे को अपनी गोद में उठा लिया। डीएम की गोद में आते ही मासूम शांत होकर मुस्कुराने लगा। डीएम ने तुरंत बच्चे के लिए पानी और बिस्किट मंगवाया और महिला को आश्वस्त किया कि उसकी समस्या का समाधान उसी दिन कर दिया जाएगा।

मौके पर डीएम श्री द्विवेदी ने कहा, ये बच्चे हमारे जिले का भविष्य हैं। प्रशासन का पहला धर्म आम आदमी की आंख के आंसू पोंछना है। सहयोग शिविर केवल आवेदनों के निस्तारण का मंच नहीं, बल्कि जनता को भरोसा देने का केंद्र है। जिलाधिकारी के इस आत्मीय व्यवहार को देखकर ग्रामीणों ने तालियों से उनका स्वागत किया और उन्हें एक सच्चे अभिभावक के रूप में सराहा।

इससे पूर्व 'सहयोग शिविर' का विधिवत शुभारंभ जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) डॉ. नेहा कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) सूरज कुमार एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने सीधे आमजनों से संवाद किया और सुखासन पंचायत की जनता को जागरूक बताया। शिविर में प्राप्त आवेदनों के पंजीकरण, संबंधित विभागों को अग्रसारण तथा तय समय-सीमा के भीतर निष्पादन की प्रक्रिया का गहन जायजा लिया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए गए थे, ताकि लोग योजनाओं की विस्तृत जानकारी ले सकें। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल कैंप लगाकर ग्रामीणों की मुफ्त स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यक दवाइयों का वितरण हुआ।

इस अवसर पर डीएम, डीडीसी डॉ. नेहा कुमारी एवं सदर एसडीएम सूरज कुमार ने विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े लाभुकों को प्रमाण पत्र सौंपे। जिलाधिकारी ने पदाधिकारियों व कर्मियों को कड़े निर्देश दिए कि शिविर में आए प्रत्येक आवेदन को संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध रूप से निष्पादित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। कार्यक्रम में जिला व प्रखंड स्तर के कई प्रमुख पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771819 Articles

Share this story