विकास योजनाओं में लापरवाही बरतने वाले संवेदक होंगे काली सूची में दर्ज: डीएम

WhatsApp Channel Join Now
विकास योजनाओं में लापरवाही बरतने वाले संवेदक होंगे काली सूची में दर्ज: डीएम


कटिहार, 23 नवंबर (हि.स.)। जिले में संचालित विकासात्मक एवं निर्माणाधीन योजनाओं को गति देने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में साप्ताहिक प्रोजेक्ट मैनेजमेंट ग्रुप (पीएमजी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों और प्रखंडों में चल रही प्रमुख योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए डीएम ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन संवेदकों द्वारा निर्माण कार्यों में लापरवाही बरती जा रही है, उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए उन्हें काली सूची (ब्लैकलिस्ट) में डालने की प्रक्रिया शुरू की जाए। साथ ही सभी विभागीय पदाधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो बार फील्ड में जाकर कार्यों का भौतिक निरीक्षण करने को कहा।

समीक्षा के दौरान ग्रामीण कार्य विभाग, पथ निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के तहत निर्माणाधीन सड़कों व पुलों की प्रगति पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने लंबित सड़कों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया। भवन निर्माण के तहत पंचायत सरकार भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय भवन, स्वास्थ्य उपकेंद्र और मुख्यमंत्री आवास योजना के कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। जल जीवन हरियाली और हर घर नल-जल योजना की समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी पंचायतों में लंबित नल-जल कार्यों को 15 दिनों के भीतर हर हाल में पूरा करने तथा खराब पड़े चापाकलों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने का आदेश दिया।

इसके अलावा विद्युत विभाग को खराब ट्रांसफार्मर बदलने और जर्जर तारों को दुरुस्त करने तथा स्वास्थ्य विभाग को सभी सरकारी अस्पतालों में आवश्यक दवाओं और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित भवन, पथ, ग्रामीण कार्य, पीएचईडी और विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781807 Articles

Share this story