बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर डीएम सख्त: कमजोर छात्रों के लिए चलेंगी अतिरिक्त कक्षाएं

WhatsApp Channel Join Now
बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर डीएम सख्त: कमजोर छात्रों के लिए चलेंगी अतिरिक्त कक्षाएं


कटिहार, 25 नवंबर (हि.स.)। जिले में शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बुधवार को बरारी प्रखंड के +2 श्री जे.एन.सी. उच्च विद्यालय बरेठा सेमापुर तथा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय प्लस टू नवाबगंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने दोनों विद्यालयों में पठन-पाठन, शिक्षकों व छात्रों की उपस्थिति, स्वच्छता और आधारभूत संरचना का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी स्वयं कक्षा 9वीं, 10वीं एवं 12वीं में पहुंचे और छात्र-छात्राओं से गणित, विज्ञान व हिंदी विषयों से जुड़े प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर को परखा। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ने और नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया। आगामी मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए डीएम ने कमजोर छात्रों के लिए विशेष अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने का सख्त निर्देश दिया। साथ ही, उपस्थिति पंजी की जांच कर कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों से संपर्क साधने को कहा।

विद्यालय परिसरों का भ्रमण करते हुए जिलाधिकारी ने शौचालय, पेयजल, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, खेल मैदान और कक्षा कक्षों की स्थिति देखी। उन्होंने जर्जर कक्षा कक्षों की तत्काल मरम्मत कराने, पुस्तकालयों को पूर्ण रूप से क्रियाशील रखने तथा प्रयोगशालाओं में नियमित रूप से प्रायोगिक कक्षाएं आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की जांच कर भोजन कक्ष व पूरे परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी सदर सूरज कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा), विशेष कार्य पदाधिकारी अभिषेक रंजन, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकगण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story