डीएम के जनता दरबार में पहुंचे 48 फरियादी, त्वरित समाधान के मिले सख्त निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
डीएम के जनता दरबार में पहुंचे 48 फरियादी, त्वरित समाधान के मिले सख्त निर्देश


कटिहार, 05 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार सरकार की 'सबका सम्मान जीवन आसान' नीति के तहत समाहरणालय परिसर में आयोजित 'जनता के दरबार में जिलाधिकारी' कार्यक्रम में सोमवार को 48 लोगों की समस्याएं सुनी गईं। जिला पदाधिकारी ने जनता दरबार में उपस्थित सभी फरियादियों की शिकायतों और आवेदनों को एक-एक कर गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित जांच व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों में सर्वाधिक मामले राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, मद्यनिषेध उत्पाद एवं निबंधन विभाग, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा तथा स्वास्थ्य विभाग से संबंधित रहे। इसके अतिरिक्त लोक शिकायत निवारण (पीजीआरओ) तथा विभिन्न ग्रामीण व शहरी विकास योजनाओं से जुड़ी समस्याओं को भी फरियादियों ने जिलाधिकारी के समक्ष रखा। जिलाधिकारी ने प्रत्येक आवेदन का बिंदुवार अवलोकन करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी समस्याओं का तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उल्लेखनीय है कि आम नागरिकों को सुलभ न्याय और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को नियमित रूप से 'जनता के दरबार में जिलाधिकारी' कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि जनता दरबार से प्रेषित मामलों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story