महादलित परिवारों के साथ प्रशासन ने मनाई दीपावली, डीएम ने जिलावासियों को दी शुभकामनाएं
कटिहार, 08 नवंबर (हि.स.)। प्रकाश पर्व दीपावली के अवसर पर कटिहार जिला प्रशासन ने समाज के वंचित वर्गों के बीच पहुंचकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। रविवार को जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी एवं उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा कुमारी ने कटिहार सदर प्रखंड अंतर्गत दलन पूर्व पंचायत के पुराना टोला सिरसा स्थित महादलित टोले का दौरा किया। इस दौरान दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों व बच्चों के बीच मिठाइयों एवं दीपों का वितरण कर उन्हें दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
डीएम और डीडीसी ने महादलित टोले के निवासियों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उन्हें हर्षोल्लास, आपसी प्रेम और सामाजिक सद्भाव के साथ पर्व मनाने का संदेश दिया। अधिकारियों ने कहा कि समाज के सभी वर्गों के साथ मिलकर खुशियां बांटने और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में आशा का प्रकाश पहुंचाने से ही दीपोत्सव की सार्थकता सिद्ध होती है। इस पहल का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक पर्व का उल्लास पहुंचाना है।
जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने समस्त जिलावासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना करते हुए नागरिकों से स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाने की विशेष अपील की। उन्होंने सुरक्षा संबंधी सावधानियों पर बल देते हुए कहा कि दीप और मोमबत्तियां सुरक्षित स्थानों पर ही जलाएं तथा इन्हें पर्दों, कपड़ों और ज्वलनशील पदार्थों से दूर रखें।
पटाखों और आतिशबाजी को लेकर सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए डीएम ने अभिभावकों से बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने देने और हमेशा बड़ों की देखरेख में ही आतिशबाजी कराने का अनुरोध किया। उन्होंने संकरी गलियों व भीड़भाड़ वाले इलाकों में पटाखे फोड़ने से बचने तथा पास में पानी एवं रेत की पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा। इसके साथ ही विद्युत सजावट में खुले तारों व ओवरलोडिंग से परहेज करने, अत्यधिक ध्वनि व धुएं से बुजुर्गों, मरीजों व पशु-पक्षियों की सुरक्षा का ध्यान रखने और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

