बाढ़ प्रभावित किसानों को राहत: कटिहार में 2,892 आवेदन स्वीकृत, खाते में जल्द पहुंचेगी मुआवजा राशि
कटिहार, 08 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में बाढ़ और जलजमाव से प्रभावित किसानों को फसल क्षति का मुआवजा उपलब्ध कराने की दिशा में कटिहार जिला प्रशासन ने राज्य में सबसे तेज कार्रवाई की है। जिले के प्राणपुर एवं अमदाबाद प्रखंड से प्राप्त कुल 5,820 ऑनलाइन आवेदनों में से स्थलीय व बहु-स्तरीय जांच के बाद 2,892 पात्र आवेदनों को स्वीकृत कर लिया गया है। स्वीकृत आवेदनों की सत्यापित रिपोर्ट किसानों के बैंक खातों में सीधे मुआवजा राशि भेजने के लिए कृषि विभाग को ऑनलाइन अग्रसारित कर दी गई है।
राज्य में सबसे पहले रिपोर्ट समर्पित करने वाला जिला बना कटिहार
जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के दिशा-निर्देशन में कटिहार पूरे बिहार में पहला ऐसा जिला बन गया है, जिसने फसल क्षति से संबंधित सभी प्राप्त आवेदनों का शत-प्रतिशत निष्पादन कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर विभाग को प्रतिवेदन समर्पित किया है। कृषि विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग के आपसी समन्वय से किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक, एटीएम, बीटीएम, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी (एसडीएओ), जिला कृषि पदाधिकारी (डीएओ) तथा अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) के स्तर पर यह जांच पूरी की गई।
नदियों के फाटक खुलने और बाढ़ से डूबी थीं फसलें
प्राणपुर एवं अमदाबाद प्रखंड सहित जिले के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुसने और नदियों के फाटक खोले जाने के कारण खेतों में भारी जलजमाव हुआ था, जिससे बड़े पैमाने पर फसलें नष्ट हो गई थीं। प्रभावित किसानों द्वारा कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल पर कुल 5,820 आवेदन दर्ज कराए गए थे, जिनकी पात्रता की पुष्टि के बाद 2,892 आवेदन सही पाए गए।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मी सम्मानित
समयबद्ध एवं पारदर्शी सत्यापन कार्य सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त कृषि भवन में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक (आत्मा) राजीव कुमार ने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों, कृषि पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
समारोह में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) फिरोज अख्तर ने कहा कि जिला प्रशासन, कृषि और आपदा प्रबंधन विभाग के बेहतर तालमेल से ही कटिहार राज्य स्तर पर अव्वल रहा। वहीं जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि निष्पक्ष आकलन और किसानों तक त्वरित आर्थिक राहत पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है, और इसी टीम भावना के चलते किसानों को शीघ्र बैंक खातों में मुआवजा प्राप्त होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

