जेल की चारदीवारी में भी खिली छठ की छटा: मदर मिशन ने महिला बंदियों और जरूरतमंद व्रतियों को बांटी पूजन सामग्री

WhatsApp Channel Join Now
जेल की चारदीवारी में भी खिली छठ की छटा: मदर मिशन ने महिला बंदियों और जरूरतमंद व्रतियों को बांटी पूजन सामग्री


कटिहार, 13 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों के बीच पर्व की खुशियां बांटने के उद्देश्य से शुक्रवार को शहर में एक सराहनीय सेवा अभियान चलाया गया। ड्रीमी होम एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के अंतर्गत संचालित 'मदर मिशन' के तत्वावधान में आर्थिक रूप से कमजोर छठ व्रतियों और कटिहार मंडल कारागार में बंद महिला कैदियों के बीच सूप, नई साड़ियां और संपूर्ण पूजन सामग्री का वितरण किया गया।

अभियान के पहले चरण की शुरुआत मदर मिशन स्कूल परिसर में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम के साथ हुई। यहां आर्थिक तंगी के कारण पूजन सामग्री जुटाने में असमर्थ महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए सूप, वस्त्र और छठ पूजा से जुड़ी सभी आवश्यक सामग्रियां ससम्मान भेंट की गईं। सामग्री पाकर व्रती महिलाओं के चेहरों पर पर्व का उल्लास साफ झलक रहा था।

इसके बाद अभियान का दूसरा और अत्यंत संवेदनशील पड़ाव मंडल कारागार, कटिहार रहा। संस्था के पदाधिकारियों ने जेल की चारदीवारी के भीतर कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा के साथ छठ व्रत कर रही महिला कैदियों के लिए सूप, साड़ियां और पूजन सामग्री उपलब्ध कराई। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद कोई भी महिला आस्था के इस महापर्व से वंचित न रह जाए। जेल परिसर में इस मानवीय सहयोग से एक सकारात्मक और आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला।

इस कल्याणकारी कार्यक्रम को सफल बनाने में ड्रीमी होम एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट की अध्यक्ष प्रतिमा तामांग, सचिव डॉ. आभा कुमारी, कोषाध्यक्ष शमा गौतम तथा मदर मिशन की कोर कमेटी की सदस्य सीमा श्रीवास्तव, मनीषा सिंह, सीमा पूर्वे, रीना झा, रानी सरकार, भवानी ठाकुर, कोमल और महज़बी खान ने सक्रिय भूमिका निभाई।

इस मौके पर आयोजकों ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पर्व की खुशियां पहुंचाना ही सच्ची मानवता है। ऐसे प्रयास न केवल जरूरतमंदों को संबल देते हैं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे और संवेदना का संदेश भी मजबूत करते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776417 Articles

Share this story