नशा मुक्त बिहार अभियान के तहत जागरूकता फैलाने कटिहार पहुंची एलईडी प्रचार वैन

WhatsApp Channel Join Now
नशा मुक्त बिहार अभियान के तहत जागरूकता फैलाने कटिहार पहुंची एलईडी प्रचार वैन


कटिहार, 31 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार सरकार द्वारा संचालित नशा मुक्ति अभियान को गति देने के लिए मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की अत्याधुनिक एलईडी (एलसीडी) प्रचार वैन कटिहार पहुंच गई है। यह प्रचार वैन जिले भर में घूम-घूमकर ऑडियो-विजुअल माध्यमों के जरिए आमजन, विशेषकर युवाओं को विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगी।

जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि यह विशेष प्रचार वाहन शहर व ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख हाट-बाजारों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक व भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचेगी। वहां लघु फिल्मों, डॉक्यूमेंट्री और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से शराब, गांजा, स्मैक, खैनी, बीड़ी-सिगरेट के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान को प्रदर्शित किया जाएगा।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रखकर उन्हें शिक्षा, खेल और स्वरोजगार की दिशा में प्रेरित करना है। इसके साथ ही प्रचार वैन के माध्यम से नशा पीड़ितों के पुनर्वास के लिए सरकारी स्तर पर संचालित नशा मुक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि प्रभावित लोग सामान्य जीवन में लौट सकें।

जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे 'नशा मुक्त बिहार' के संकल्प को साकार करने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि समाज में कहीं भी अवैध शराब या मादक पदार्थों के कारोबार की जानकारी मिले, तो तुरंत मद्य निषेध विभाग के टोल-फ्री नंबर 15545 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770142 Articles

Share this story