अधिवक्ता गुड्डू अंसारी की हत्या के विरोध में कटिहार कोर्ट में न्यायिक कार्य ठप, वकीलों ने किया 'पेन डाउन'

WhatsApp Channel Join Now
अधिवक्ता गुड्डू अंसारी की हत्या के विरोध में कटिहार कोर्ट में न्यायिक कार्य ठप, वकीलों ने किया 'पेन डाउन'


कटिहार, 06 अक्टूबर (हि.स.)। युवा अधिवक्ता अजीमुद्दीन उर्फ गुड्डू अंसारी की दिनदहाड़े हुई बर्बर हत्या के विरोध में मंगलवार को कटिहार न्यायालय परिसर में कामकाज पूरी तरह ठप रहा। अधिवक्ता संघ के निर्णय पर वकीलों ने 'पेन डाउन' कर स्वयं को न्यायिक कार्यों से पूरी तरह अलग रखा, जिससे अदालतों में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। घटना को लेकर अधिवक्ताओं में गहरा आक्रोश और शोक देखा गया।

अदालती कार्य बहिष्कार के बाद अधिवक्ता संघ भवन में अध्यक्ष महानंद यादव की अध्यक्षता में शोकसभा का आयोजन किया गया, जहां दिवंगत अधिवक्ता को मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। मंच संचालन करते हुए संघ के सचिव विजय कुमार झा ने हत्या की तीखी भर्त्सना की। उन्होंने दोटूक कहा कि अधिवक्ताओं की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की पहली और अनिवार्य जिम्मेदारी है। उन्होंने जिले में वकीलों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग दोहराई।

शोकसभा के दौरान अधिवक्ता संघ ने शोकाकुल परिवार को तात्कालिक संबल प्रदान करने के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया। वहीं, अधिवक्ताओं ने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि पुलिस प्रशासन ने मामले में तत्परता दिखाते हुए नामजद सभी पांचों आरोपितों को दबोच लिया है। वक्ताओं ने कहा कि दिनदहाड़े हुई इस नृशंस वारदात से खासकर जूनियर अधिवक्ताओं में भारी नाराजगी और असुरक्षा की भावना है।

शोकसभा के अंत में दिवंगत आत्मा की शांति और पीड़ित परिवार को धैर्य प्रदान करने के लिए प्रार्थना की गई। इस अवसर पर प्रमुख रूप से अधिवक्ता सुशील कुमार झा, मुनेश्वर प्रसाद यादव, राजेंद्र कुमार मिश्रा, अशोक कुमार सिंह, विनोद कुमार, भास्कर सिंह, पवन दुबे, यशस्वी कुमार अग्रवाल और महिमा केजरीवाल सहित सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story