वजूद खोती भागलपुर की पहचान: सिमटता जा रहा है सुगंधित 'कतरनी धान' का रकबा, अब महज 200 एकड़ तक सीमित हुई खेती

WhatsApp Channel Join Now
वजूद खोती भागलपुर की पहचान: सिमटता जा रहा है सुगंधित 'कतरनी धान' का रकबा, अब महज 200 एकड़ तक सीमित हुई खेती


भागलपुर, 26 नवंबर (हि.स.)।

रेशमी शहर भागलपुर की पहचान सिर्फ जर्दालू आम और सिल्क से ही नहीं, बल्कि अपने खास स्वाद और लाजवाब सुगंध वाले 'कतरनी धान' से भी है। अपनी अनूठी महक के दम पर देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक खास पहचान बनाने वाला भागलपुर का कतरनी धान आज अपने अस्तित्व के संकट से जूझ रहा है।

कभी बड़े पैमाने पर होने वाली इसकी खेती अब धीरे-धीरे सिमटती जा रही है और हालात यह हैं कि इसका रकबा महज 200 एकड़ तक ही सीमित होकर रह गया है। भागलपुर के अलावा पड़ोसी जिले बांका और मुंगेर के भी कुछ इलाकों में पारंपरिक रूप से कतरनी धान की खेती होती रही है।

स्थानीय किसानों का कहना है कि उनके पूर्वज बड़े पैमाने पर इसकी खेती करते थे, लेकिन बदलते समय और बढ़ती चुनौतियों के कारण किसानों ने इससे दूरी बनानी शुरू कर दी है। किसानों के मुताबिक, कतरनी धान की फसल को तैयार होने में सामान्य धान के मुकाबले अधिक समय और काफी ज्यादा पानी की जरूरत होती है।

सिंचाई की समुचित व्यवस्था न होने से किसानों को भारी परेशानी होती है। फसल तैयार होने में लंबा वक्त लगने के कारण किसान साल में कतरनी की केवल एक ही फसल ले पाते हैं। इसके विपरीत, धान की अन्य उन्नत किस्मों की खेती कर किसान साल में दो फसलें उपजा लेते हैं, जिससे उन्हें बेहतर मुनाफा होता है।

उत्पादन के लिहाज से भी कतरनी किसानों के लिए घाटे का सौदा साबित हो रही है। जहां एक बीघा जमीन में कतरनी की उपज महज 7 से 8 क्विंटल ही हो पाती है, वहीं धान की दूसरी किस्मों से 10 से 12 क्विंटल तक पैदावार आसानी से मिल जाती है। किसानों की सबसे बड़ी पीड़ा यह है कि बिचौलियों और व्यापारियों द्वारा उनसे बेहद कम कीमत पर कतरनी धान खरीदा जाता है, जबकि वही कतरनी चावल बाजार में ऊंचे दामों पर बेचा जाता है।

मेहनत के अनुरूप उचित कीमत न मिलने का सीधा आर्थिक नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि कतरनी धान के संरक्षण और इसके क्षेत्र विस्तार को लेकर कृषि विभाग की ओर से समय-समय पर कई घोषणाएं की गईं।

किसानों को उम्मीद थी कि सरकारी पहल से न केवल खेती का रकबा बढ़ेगा, बल्कि उन्हें अपनी उपज का वाजिब दाम भी मिल सकेगा। लेकिन, विडंबना यह है कि क्षेत्र विस्तार की ये योजनाएं महज कागजों तक ही सीमित रह गईं और जमीन पर नहीं उतर सकीं। यदि समय रहते सिंचाई की समस्या को दूर नहीं किया गया और किसानों को उनकी उपज का उचित बाजार और मूल्य सुनिश्चित नहीं कराया गया, तो भागलपुर की शान रहा यह सुगंधित कतरनी धान आने वाले दिनों में महज इतिहास के पन्नों तक सिमट कर रह जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story