ईंट भट्ठा संचालकों की मनमानी से कतरिया नदी की धारा अवरुद्ध, सैकड़ों एकड़ खेत जलमग्न

WhatsApp Channel Join Now
ईंट भट्ठा संचालकों की मनमानी से कतरिया नदी की धारा अवरुद्ध, सैकड़ों एकड़ खेत जलमग्न


ईंट भट्ठा संचालकों की मनमानी से कतरिया नदी की धारा अवरुद्ध, सैकड़ों एकड़ खेत जलमग्न


भागलपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। ईंट भट्ठा संचालकों की मनमानी का खामियाजा गोराडीह प्रखंड के किसानों को भुगतना पड़ रहा है।

कहलगांव प्रखंड के घोघा के समीप संचालित दर्जनों ईंट भट्ठों के संचालकों द्वारा कतरिया नदी की प्राकृतिक धारा को अवरुद्ध किए जाने से गोराडीह के सैकड़ों एकड़ उपजाऊ खेतों में जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।

इससे माछीपुर और प्रस्सतडीह चौर के किसान साल भर खेती से वंचित रहने को मजबूर हैं।

उल्लेखनीय है कि घोघा के पास संचालित ईंट भट्ठा संचालकों ने ईंटों की ढुलाई के लिए कतरिया नदी में 24 स्थानों पर मिट्टी और ईंट के टुकड़े डालकर अस्थायी रास्ते बना लिए हैं।

इससे नदी का प्राकृतिक प्रवाह पूरी तरह रुक गया है और पानी की निकासी बाधित हो गई है। नतीजतन, नदी का पानी फैलकर माछीपुर, प्रस्सतडीह चौर और आसपास के खेतों में जमा रहता है।

प्रभावित किसानों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन अब स्थिति बेहद विकट हो गई है। पहले खरीफ के मौसम में जलजमाव के कारण केवल धान की खेती प्रभावित होती थी और रबी के मौसम तक पानी सूखने पर वे गेहूं, मक्का आदि लगा लेते थे। लेकिन अब जलनिकासी पूरी तरह ठप होने से रबी के मौसम में भी खेत पानी में डूबे रहते हैं। लगातार दोनों मुख्य फसलों के चौपट होने से किसानों की कमर टूट गई है और उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

समस्या से त्रस्त किसानों ने प्रशासन से गुहार लगाई थी, जिसके बाद गोराडीह अंचलाधिकारी ने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया। इसी क्रम में बुधवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने जलजमाव के कारणों की बारीकी से जांच की और किसानों को समस्या के स्थायी समाधान का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान गोराडीह अंचलाधिकारी कुमार शिवम और प्रखंड विकास पदाधिकारी विपिन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। एसडीओ के दौरे के बाद अब किसानों में जलनिकासी व्यवस्था बहाल होने की उम्मीद जगी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779528 Articles

Share this story