कर्णपुर सहयोग शिविर मे डीएम ने लाभुकों को दिए राशन कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र
सुपौल, 21 जुलाई (हि.स.)। सुपौल प्रखंड अंतर्गत कर्णपुर पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर का जिलाधिकारी सावन कुमार ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली तथा सरकारी योजनाओं के लाभ की उपलब्धता का जायजा लिया।
शिविर में जिलाधिकारी ने लाभुकों को ऑन द स्पॉट विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ प्रदान किया। कर्णपुर निवासी रंजु देवी को राशन कार्ड, जबकि स्मिता कुमारी एवं मो. जुबेर को जन्म प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया। लाभुकों ने मौके पर ही आवश्यक दस्तावेज मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की।निरीक्षण के दौरान डीएम ने शिविर में प्राप्त आवेदनों और शिकायतों की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को सरकारी सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर कर्णपुर पंचायत की मुखिया किरण देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी निशांत कुमार, अंचलाधिकारी मनीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

