करजाइन पुलिस की कार्रवाई, 44 बोतल अंग्रेजी शराब व बाइक बरामद
सुपौल, 21 फ़रवरी (हि.स.)। जिले में राघोपुर प्रखंड के करजाइन थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 44 बोतल अंग्रेजी शराब और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घटना शनिवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि करजाइन बाजार स्थित एनएच-106 पर पॉलिटेक्निक कॉलेज के समीप एक बाइक से शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच अभियान शुरू कर दिया।
जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखते ही बाइक और बैग छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस द्वारा बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 20 पीस एसी ब्लैक और 24 पीस मैकडॉवेल समेत कुल 44 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि बाजार एवं कॉलेज क्षेत्र में भीड़भाड़ का फायदा उठाकर दोनों युवक भागने में सफल रहे। बरामद बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक की पहचान की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान जारी है। पुलिस ने शराब और बाइक को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

