रानी पोखर दुर्गा मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा, 501 महिलाओं ने लिया भाग

WhatsApp Channel Join Now
रानी पोखर दुर्गा मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा, 501 महिलाओं ने लिया भाग


अररिया 11 अक्टूबर(हि.स.)।

सिमराहा में शारदीय नवरात्र के मौके पर रविवार को सिमराहा स्थित रानी पोखर दुर्गा मंदिर में कलश स्थापना के साथ भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में 501 महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा और मां दुर्गा के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

कलश यात्रा रानी पोखर दुर्गा मंदिर से शुरू होकर चोरीटोला, नपटोली, औराही पूरब, सिमराहा बाजार, कुशहा और कामत टोला होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इसके बाद मंदिर परिसर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना शुरू की गई।

नवरात्र के प्रथम दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की आराधना की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। दुर्गापूजा समिति रानी पोखर के अध्यक्ष प्रकाश मंडल एवं औराही पश्चिम पैक्स अध्यक्ष सुनील मंडल ने बताया कि गांव की सुख-समृद्धि और शांति की कामना के साथ प्रत्येक वर्ष नवरात्र की शुरुआत कलश स्थापना और शोभायात्रा से की जाती है।

इस आयोजन में समस्त ग्रामवासियों का सहयोग रहता है। इस मौके पर पूर्व पैक्स अध्यक्ष यशपाल कुमार, दयानंद मंडल, जितेंद्र कुमार, सुबोध मंडल, बिनोद मंडल, कोमल मेहता, शिल्पी देवी, तेत्री देवी, सरिता देवी, पूनम देवी, आदित्य कुमार, धर्मेंद्र कुमार, ईश्वर कुमार समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story