जूट डीलर्स एसोसिएशन की मीटिंग, जूट क्रय स्थल को अतिक्रमण से मुक्त करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
जूट डीलर्स एसोसिएशन की मीटिंग, जूट क्रय स्थल को अतिक्रमण से मुक्त करने की मांग


जूट डीलर्स एसोसिएशन की मीटिंग, जूट क्रय स्थल को अतिक्रमण से मुक्त करने की मांग


अररिया 22 जून(हि.स.)।फारबिसगंज जूट डीलर्स एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय गोलछा उद्योग परिसर में सोमवार को संघ के अध्यक्ष मूलचंद गोलछा की अध्यक्षता में हुई।

जिसमें मुख्य रूप से जूट व्यवसाय से संबंधित समस्याओं के साथ बिहार की दूसरी सबसे बड़ी जूट मंडी मे पटसन उत्पादकों को अपनी उपज को बेचने के लिए वाहनों को खड़े करने के लिए स्थल की कमी को लेकर चर्चा की गई।

उल्लेखनीय है की 1970 के दशक में बिहार में पहली बार फारबिसगंज कृषि उत्पादन बाजार समिति में जूट से लदे वाहनों को खड़ा करने के लिए व्यवस्था दी गई थी,जो बाद में जूट मंडी के नाम से व्यवसायियों के बीच जाना जाने लगा।

परंतु कलांतर में इस स्थान को विभिन्न अस्थाई दुकानदारों द्वारा अतिक्रमित कर लिए जाने के कारण यह स्थान बिल्कुल सिकुड़ गया,जिससे मजबूरी में किसानों को अपने वाहनों को सड़क पर खड़ा करने को मजबूर होना पड़ रहा है और फारबिसगंज शहर में लगने वाले जाम का यह मुख्य कारण है।

इस वर्ष किसान जूट की खेती की ओर उन्मुख हुए हैं और ऐसे में व्यवसायियों द्वारा यह उम्मीद जताई जा रही है कि इस वर्ष फारबिसगंज मंडी में जूट की आमदनी विगत वर्षों की तुलना में लगभग तिगुनी होने की आशा है।

जिसके कारण जूट से लदे वाहनों की संख्या काफी बढ़ जाएगी तथा उनके खड़े रहने के कारण जाम की समस्या और भी विकराल हो जाएगी।

इस समस्या को लेकर संगठन की आकस्मिक बैठक में मुख्य रूप से जूट व्यवसायी बछराज राखेचा, धीरेंद्र दूगड़, महेंद्र वेद, त्रिलोक अग्रवाल, हेमू बोथरा, प्रेम साह, राजेंद्र वेद, भंवरलाल डाकलिया, प्रदीप वैद, छोटू बोथरा,संजय बछावत, ललित अग्रवाल, गुड्डू बोथरा निर्मल भगत,बंटी राखेचा, अशोक गुप्ता, गुड्डू बियानी आदि मौजूद थे।

बैठक में सर्व सम्मति से फारबिसगंज के वर्तमान अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी को फारबिसगंज

मे जाम से मुक्ति दिलाने हेतु किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों के लिए आभार जताया गया।

वहीं जूट व्यवसायियों की समस्याओं को लेकर संघ के अध्यक्ष मूलचंद गोलछा के नेतृत्व में एक पांच सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल का गठन किया गया, जो एसडीओ से मिलकर इस समस्या के समाधान का ज्ञापन देते हुए अनाधिकृत दुकानदारों द्वारा अतिक्रमित फारबिसगंज कृषि उत्पादन बाजार समिति के गेट नंबर 4 के प्रवेश द्वार के अंदर के दक्षिणी भाग को अतिक्रमण मुक्त कराकर जूट उत्पादक किसानों एवं इससे संबंधित व्यवसाईयों को राहत दिलाने की मांग रखेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story