पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने किया छपरा मंडल कारा का निरीक्षण
सारण, 17 जुलाई (हि.स.)। पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने मंडल कारा छपरा का निरीक्षण किया। कारा परिसर पहुँचने पर उन्होंने सबसे पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
इसके बाद पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए न्यायमूर्ति द्वारा कारा परिसर में पौधारोपण भी किया गया। मंडल कारा के कंप्यूटर लैब सह दिनकर पुस्तकालय में बंदियों ने स्वागत गान और देशभक्ति गीतों के साथ न्यायमूर्ति का स्वागत किया।
इस अवसर पर उन्होंने कंप्यूटर प्रशिक्षण पूरा करने वाले 21 कैदियों को सर्टिफिकेट वितरित किए, साथ ही 14 जरूरतमंद कैदियों को चश्मा प्रदान किया। मंडल कारा प्रशासन की ओर से न्यायमूर्ति को कैदियों द्वारा बनाई गई उनकी एक तस्वीर और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। निरीक्षण के क्रम में न्यायमूर्ति ने महिला खंड सरस्वती वार्ड, कारा अस्पताल, जनरल वार्ड और पाकशाला रसोई का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को देखा। इसके उपरांत, उन्होंने सारण न्याय मंडल में जिलास्तरीय अनुश्रवण समिति की उच्चस्तरीय बैठक की।
बैठक में न्यायमूर्ति ने कोर्ट कंस्ट्रक्शन्स, सिविल कोर्ट के पास मल्टीलेवल पार्किंग और पर्यवेक्षण गृह की स्थिति की समीक्षा की।
उन्होंने नियमित जमानत रेगुलर बेल की सुनवाई में मेडिकल रिपोर्ट में देरी और पुलिस केसों में विलंब से होने वाली कठिनाइयों पर गंभीर चिंता व्यक्त की।
न्यायमूर्ति ने बुडको, बाल संरक्षण, सिविल सर्जन और एसएसपी को उनकी जवाबदेही से अवगत कराते हुए जिलाधिकारी के साथ बेहतर समन्वय बनाकर सभी समस्याओं का त्वरित निदान करने का सख्त निर्देश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

