जिला पत्रकार संघ की बैठक में सुरक्षा और कड़े कानून प्रावधान की मांग, सहरसा की घटना के विरोध में निकाला विरोध मार्च

WhatsApp Channel Join Now
जिला पत्रकार संघ की बैठक में सुरक्षा और कड़े कानून प्रावधान की मांग, सहरसा की घटना के विरोध में निकाला विरोध मार्च


जिला पत्रकार संघ की बैठक में सुरक्षा और कड़े कानून प्रावधान की मांग, सहरसा की घटना के विरोध में निकाला विरोध मार्च


अररिया 17 सितम्बर(हि.स.)। सहरसा में एक दैनिक समाचारपत्र के पत्रकार के साथ कथित बदसलूकी व मारपीट की घटना सहित देश के विभिन्न हिस्सों में पत्रकारों के साथ हो रही बदसलूकी, गाली गलौज व हमले की घटनाओं के विरोध में जिला पत्रकार संघ की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को प्रेस भवन में आयोजित की गई।

बैठक में जिले के विभिन्न प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व डिजिटल मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने हिस्सा लिया। पत्रकारों ने सहरसा सहित अन्य स्थानों पर पत्रकारों के साथ हुई घटनाओं पर कड़ा विरोध जताते हुए ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कानूनी प्रावधान लागू करने की मांग की।

जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष राकेश कुमार उर्फ मंटू भगत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सहरसा की घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गयी।

जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि सहरसा में पत्रकार के साथ हुई घटना की जितनी निंदा की जाए, कम है।पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए व जो भी दोषी पाए जाएं, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।उन्होंने कहा कि पत्रकारों के साथ इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए।

संघ के पूर्व अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने भी सहरसा की घटना की निंदा करते हुए कहा कि पत्रकारों को अपने अधिकार व दायरे दोनों की पहचान करनी होगी।उन्होंने मीडिया के नए साथियों को पत्रकारिता की बारीकियों व पेशेवर दायित्वों से अवगत कराने के लिए जिला पत्रकार संघ के बैनर तले एक कार्यशाला आयोजित करने का सुझाव दिया।

वरिष्ठ पत्रकार मृगेंद्र मणि सिंह ने कहा कि पत्रकारों के साथ होने वाली किसी भी घटना के विरुद्ध जिला पत्रकार संघ एकजुट है।ऐसी किसी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। पत्रकार आम जनता व शासन-प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करते हैं। इसलिए उनकी सुरक्षा, गरिमा व आत्मसम्मान की रक्षा के लिए माकूल इंतजाम होना जरूरी है।

संघ के उपाध्यक्ष चंदन कुमार लालू ने कहा कि पत्रकारों को शासन-प्रशासन के बीच रहकर अपना काम करना है. इसके लिए उचित मापदंड का होना जरूरी है।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार ज्योतिष झा ने किया।

बैठक के बाद जिला पत्रकार संघ के बैनर तले पत्रकारों ने शहर में विरोध मार्च निकाला। विरोध मार्च प्रेस भवन से काली मंदिर, चांदनी चौक व एसडीओ आवास के रास्ते समाहरणालय पहुंचा। इस दौरान पत्रकारों ने सहरसा की घटना के विरोध में नारेबाजी करते हुए पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

समाहरणालय पहुंचने के बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में मौजूद सदर एसडीओ अररिया व एडीपीओ अररिया को सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने सहरसा मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई व पत्रकारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। मौके पर बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story