भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 52 पेटी चाइनीज सेब जब्त

WhatsApp Channel Join Now
भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 52 पेटी चाइनीज सेब जब्त


किशनगंज, 17 जुलाई (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और दिघलबैंक थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 52 पेटी चाइनीज सेब बरामद किए हैं। इस दौरान दो कथित तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया। बरामद फल और गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, एसएसबी की 12वीं वाहिनी की बी कंपनी को सीमावर्ती क्षेत्र में विदेशी फलों की अवैध खेप जमा होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सहायक कमांडेंट मनोज कुमार के नेतृत्व में एसएसबी और दिघलबैंक थाना पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने भारत-नेपाल सीमा पर स्थित बॉर्डर पिलर संख्या 133/18 के समीप सघन छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान टीम ने 52 पेटी चाइनीज सेब बरामद किए, जिन्हें नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारतीय क्षेत्र में लाया गया था। कार्रवाई के दौरान मौके से दो तस्करों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में तस्करी से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे तस्करी नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सीमा क्षेत्र में विदेशी सामान, मादक पदार्थ और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की अवैध आवाजाही रोकने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में यह कार्रवाई एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। संयुक्त टीम ने बरामद 52 पेटी चाइनीज सेब और दोनों गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ दिघलबैंक थाना पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस तस्करी गिरोह का संचालन कौन कर रहा था और सीमा पार से अवैध खेप किस माध्यम से भारतीय क्षेत्र में पहुंचाई जा रही थी।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीमावर्ती इलाकों में तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एसएसबी और स्थानीय पुलिस का संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story