खाटू श्याम की निशान शोभायात्रा में हजारों भक्त हुए शामिल, श्याम बाबा की होगी प्राण प्रतिष्ठा

WhatsApp Channel Join Now
खाटू श्याम की निशान शोभायात्रा में हजारों भक्त हुए शामिल, श्याम बाबा की होगी प्राण प्रतिष्ठा


खाटू श्याम की निशान शोभायात्रा में हजारों भक्त हुए शामिल, श्याम बाबा की होगी प्राण प्रतिष्ठा


अररिया 04 फरवरी(हि.स.)।जोगबनी में बने श्याम मंदिर में श्याम बाबा के प्राण प्रतिष्ठा के एक दिन पूर्व बुधवार को श्याम बाबा को लेकर निशान शोभायात्रा निकाली गई।श्याम बाबा को शहर का भ्रमण कराया गया। निशान यात्रा सूरजगढ़ राजस्थान से आए हजारी लाल जी इंदौरिया के मार्गदर्शन में निकाली गई।दोपहर बाद निकली निशान शोभायात्रा में पांच हजार से अधिक श्याम भक्त शामिल हुए। निशान शोभायात्रा श्याम मंदिर से निकलकर पूरे शहर का भ्रमण करते हुए जोगबनी रेलवे परिसर में स्थित दुर्गा मंदिर से होते हुए पुनः श्याम मंदिर परिसर में जाकर समाप्त हुई। वही निशान यात्रा में विभिन्न प्रकार की झांकियां भी निकाली गई जिसमें भारत माता की झांकी, राम दरबार व श्याम बाबा की झांकी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।

शोभायात्रा के दौरान श्याम भक्त भक्ति भाव में झूमते नाचते नजर आए।जोगबनी शहर श्याम बाबा की जय जयकार से गुंजायमान हो उठा।भक्तों के लिए कई प्रकार के स्टॉल भी लगाए गए। स्वर्णकार संघ व हाई स्कूल 1985 बैच के द्वारा शीतल पेय प्रदार्थ का स्टॉल लगाया गया। वही मारवाड़ी युवा मंच द्वारा शीतल जल व गुलाल का स्टॉल लगाया गया।वही कई स्थानों पर लोग निशान लेकर चल रहे भक्तों को लड्डू व चॉकलेट बांटते भी नजर आए। वही निशान यात्रा के दौरान पूरा शहर का माहौल भक्तिमय बना रहा।

निशान शोभायात्रा के दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद नजर आई।एसएसबी कमांडेंट आईपीएस शाश्वत कुमार के निर्देश पर निशान यात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर एक सौ से अधिक एसएसबी जवानों को लगाया गया था। वही जोगबनी थानाध्यक्ष राजीव कुमार आजाद के नेतृत्व में जगह जगह बिहार पुलिस के जवानों की तैनाती की गई थी। वही पुलिस द्वारा नेपाल से आने वाली गाड़ियों का मार्ग भी बदल दिया गया था,जिससे निशान लेकर आ रहे भक्तों को परेशानी न हो। वही स्टेशन रोड में जीआरपी के महिला व पुरुष जवान मुस्तैदी से तैनात थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story