जिला विधिज्ञ संघ सुपौल के अध्यक्ष बने नागेंद्र नारायण ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
जिला विधिज्ञ संघ सुपौल के अध्यक्ष बने नागेंद्र नारायण ठाकुर


सुपौल, 30 जून (हि.स.)। जिला विधिज्ञ संघ, सुपौल के नव निर्वाचित अध्यक्ष अधिवक्ता नागेंद्र नारायण ठाकुर को मंगलवार को निर्वाची पदाधिकारी रविन्द्र यादव ने विधिवत निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया। प्रमाण पत्र मिलने के बाद संघ परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने उन्हें बधाई दी और फूल-माला पहनाकर स्वागत किया।

जिला विधिज्ञ संघ चुनाव की मतगणना के बाद नागेंद्र नारायण ठाकुर को अध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित किया गया था। निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मंगलवार को उन्हें आधिकारिक रूप से प्रमाण पत्र सौंपा गया।

इस मौके पर संघ परिसर में दिनभर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा और अधिवक्ताओं ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी जाहिर की। प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष नागेंद्र नारायण ठाकुर ने सभी अधिवक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संघ के सदस्यों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उनकी प्राथमिकता जिला विधिज्ञ संघ को अधिक मजबूत और सक्रिय बनाना, अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा करना तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल करना होगा।

उन्होंने कहा कि न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। संघ के माध्यम से अधिवक्ताओं के सम्मान, सुविधाओं और पेशेवर हितों से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से उठाया जाएगा।

उन्होंने वरिष्ठ और युवा अधिवक्ताओं के सामूहिक सहयोग से संघ की गरिमा और कार्यक्षमता को नई दिशा देने का संकल्प भी व्यक्त किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिवक्ताओं ने विश्वास जताया कि नागेंद्र नारायण ठाकुर के नेतृत्व में जिला विधिज्ञ संघ नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और सभी अधिवक्ताओं को साथ लेकर संघ के विकास के लिए सकारात्मक पहल की जाएगी। कार्यक्रम में संघ के कई पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story