बक्सर में महिला सुरक्षा और विकास कार्यों पर जिला प्रशासन सख्त

WhatsApp Channel Join Now
बक्सर में महिला सुरक्षा और विकास कार्यों पर जिला प्रशासन सख्त


बक्सर 13 जुलाई (हि..स.)। समाहरणालय सभाकक्ष में सोमवार को जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में तीन महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया गया। इनमें कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम, मिशन शक्ति योजना की प्रगति तथा जिला समन्वय समिति की समीक्षा की गई।

डीएम ने सभी विभागों को महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल सुनिश्चित करने, POSH Act-2013 का कड़ाई से पालन कराने तथा प्रत्येक कार्यालय में आंतरिक शिकायत समिति (आईसी) की नियमित बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही SHe-Box पोर्टल की जानकारी सभी कार्यालयों में प्रदर्शित कर कर्मचारियों को जागरूक करने पर जोर दिया।

मिशन शक्ति योजना की समीक्षा में बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से 62 मामले प्राप्त हुए, जिनमें 51 का निष्पादन हो चुका है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन और शक्ति सदन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। डीएम ने पात्र महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने, कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। बैठक में मधुदेवी की सफलता की कहानी प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि सरकारी सहयोग से उन्होंने स्वरोजगार शुरू कर आत्मनिर्भरता हासिल की।

जिला समन्वय समिति की बैठक में इटाढ़ी के अंचल अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।

मुख्यमंत्री के सहयोग शिविर, गोलंबर के पास नाला एवं सड़क निर्माण, गुरुकुल विद्यापीठ के लिए भूमि उपलब्ध कराने, डिग्री कॉलेज के छात्रों के लिए बस सुविधा, छात्राओं के नामांकन बढ़ाने तथा उद्घाटन की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पीएम श्री विद्यालयों के नियमित निरीक्षण, अपार पोर्टल पर सभी छात्रों का निबंधन, भूमिहीन विद्यालयों के लिए भूमि उपलब्ध कराने, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, ई-मापी मामलों का एक सप्ताह में निष्पादन तथा लंबित न्यायालयीन मामलों की तथ्य विवरणी समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

अंत में डीएम ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष बल दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

Share this story