ब्राह्मण समाज की एकजुटता और उत्थान पर मंथन, शिक्षा व राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोड़

WhatsApp Channel Join Now
ब्राह्मण समाज की एकजुटता और उत्थान पर मंथन, शिक्षा व राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोड़


ब्राह्मण समाज की एकजुटता और उत्थान पर मंथन, शिक्षा व राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोड़


सुपौल, 04 अगस्त (हि.स.)। जिले के राघोपुर प्रखंड के सिमराही बाजार स्थित एक होटल परिसर में सोमवार को जिला लोकमंच के बैनर तले ब्राह्मण समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज की एकजुटता, राजनीतिक भागीदारी, सामाजिक सरोकारों तथा ब्राह्मण समाज के सर्वांगीण विकास और उत्थान से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी आशीष कुमार ‘बब्बू’ उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप अतिथियों एवं आगंतुकों का पाग पहनाकर सम्मानित करने के साथ हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि आशीष कुमार ‘बब्बू’ ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति उसकी शिक्षा, संगठन और सामाजिक जागरूकता पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज को अपनी गौरवशाली परंपरा एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए वर्तमान समय की चुनौतियों का सामना एकजुट होकर करना होगा।

उन्होंने युवाओं से शिक्षा, सामाजिक सेवा और राजनीति में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज के उत्थान के लिए आपसी सहयोग, संगठन की मजबूती तथा नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। समाज संगठित रहेगा तो उसकी समस्याओं का समाधान भी प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

बैठक के दौरान वक्ताओं ने शिक्षा के प्रसार, युवाओं के नेतृत्व विकास, सामाजिक समरसता तथा राजनीतिक प्रतिनिधित्व को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उपस्थित लोगों ने समाजहित से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक रूप से कार्य करने तथा भविष्य में भी इस प्रकार की बैठकों का नियमित आयोजन करने का संकल्प लिया।

बैठक में अजय कुमार झा, नारायण मिश्र, प्रियांशु, राजीव झा, मदन झा, महाकांत मिश्र, वीरेंद्र झा, लाल झा, अमरेंद्र झा, शैलेंद्र झा, सुधीर मिश्र, अमित झा, निरंजन झा, रवि तिवारी, भार्गव झा, अरविंद मिश्र, राजकुमार चौधरी, प्रेम कुमार झा, मिथिलेश झा, शंभु झा, किशोर ठाकुर, सरोज ठाकुर, शंभू पाठक, उमेश झा सहित दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story