बक्सर के प्रधान लिपिकों की बैठक में डीएम ने दिए कड़े निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

बक्सर, 30 जुलाई (हि.स.)।

समाहरणालय सभाकक्ष में बुधवार को जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में जिले के सभी प्रधान लिपिकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यालयी कार्यों की प्रगति, लंबित मामलों तथा प्रशासनिक व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।

डीएम ने सभी प्रधान सहायकों को जिला स्तर से प्राप्त पत्रों के लिए अलग पंजी संधारित करने का निर्देश दिया। आपदा मद से संबंधित उपयोगिता प्रमाण पत्र विभिन्न अंचलों में लंबित पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अंचलाधिकारियों से कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश स्थापना उप समाहर्ता को दिया।

बैठक में यह भी सामने आया कि कई स्थानांतरित कर्मियों ने अब तक नए कार्यालयों में प्रभार का आदान-प्रदान नहीं किया है। इस पर डीएम ने संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण लेने तथा आवश्यक होने पर उनका वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने सभी कार्यालयों को जुलाई माह तक लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने, भुगतान संबंधी लंबित संचिकाओं का अविलंब निपटारा करने तथा कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही बनाए रखने पर जोर दिया।

जिला पदाधिकारी ने सीडब्ल्यूजेसी एवं एमजेसी मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित प्रतिवेदनों का समय पर निष्पादन करने के निर्देश दिए। साथ ही सेवांत लाभ के किसी भी मामले को लंबित नहीं रखने, रोकड़ पंजी का नियमानुसार संधारण करने तथा जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने का भी निर्देश सभी प्रधान लिपिकों को दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

Share this story