आचार संहिता उल्लंघन मामले में भागलपुर कोर्ट में पेश हुए झारखंड के उद्योग मंत्री संजय यादव

WhatsApp Channel Join Now
आचार संहिता उल्लंघन मामले में भागलपुर कोर्ट में पेश हुए झारखंड के उद्योग मंत्री संजय यादव


भागलपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। झारखंड सरकार के उद्योग और श्रम नियोजन मंत्री तथा गोड्डा के विधायक संजय प्रसाद यादव मंगलवार को भागलपुर के स्पेशल एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश हुए।

यह पेशी वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव के दौरान दर्ज हुए एक पुराने आदर्श आचार संहिता उल्लंघन (एमसीसी) के मामले को लेकर हुई है।स्पेशल जज धर्मेंद्र पांडेय की अदालत में इस मामले की सुनवाई चली।

उल्लेखनीय है कि मामला वर्ष 2009 के आम चुनाव का है। आरोप है कि सन्हौला थाना क्षेत्र में बिना प्रशासनिक अनुमति के चुनावी प्रचार सामग्री और पोस्टर लगाए गए थे। इस संबंध में 26 मार्च 2009 को तत्कालीन प्रभारी आदर्श आचार संहिता कोषांग (सन्हौला) सह प्रखंड कृषि अधिकारी गुरुदेव प्रसाद गुप्ता के लिखित बयान पर सन्हौला थाने में मामला दर्ज कराया गया था। इसी मामले को लेकर कोर्ट ने मंत्री को सशरीर उपस्थित होने का निर्देश दिया था। न्यायालय में पेशी के दौरान मंत्री संजय प्रसाद यादव के अधिवक्ता ने पक्ष रखा। मामले में वर्तमान में गवाही की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन लंबे समय से सूचक (शिकायतकर्ता) कोर्ट में उपस्थित नहीं हो रहा है। इस पर अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए सूचक के खिलाफ वारंट जारी करने का निर्देश दिया है। झारखंड के कद्दावर मंत्री और राजद नेता संजय यादव के भागलपुर व्यवहार न्यायालय पहुंचने की खबर मिलते ही कोर्ट परिसर में बड़ी संख्या में उनके समर्थक और स्थानीय राजद कार्यकर्ता जमा हो गए। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच मंत्री कोर्ट रूम पहुंचे और कानूनी प्रक्रिया पूरी की। कोर्ट से बाहर निकलने के बाद उन्होंने न्यायिक व्यवस्था पर पूरा भरोसा जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story