बिहार में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
बिहार में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ


-13 लाख से अधिक किशोरियों को लगेगा टीका

पटना, 28 फ़रवरी (हि.स.)। महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करने के उद्देश्य से बिहार सरकार द्वारा राज्यव्यापी एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ शनिवार को पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्वेद विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) में किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि राज्य में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 13 लाख 15 हजार किशोरियों को एचपीवी संक्रमण से बचाव का टीका लगाया जाएगा। यह विशेष टीकाकरण अभियान आगामी तीन महीनों तक चलाया जाएगा।

इस अवसर पर राजस्थान के अजमेर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर टीकाकरण अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।

स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि महिलाओं में स्तन कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर दूसरी सबसे बड़ी स्वास्थ्य समस्या बन चुकी है। पिछले वर्ष देशभर में इस बीमारी के कारण 78 हजार 499 महिलाओं की मृत्यु हुई, जो अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संकल्प के अनुरूप बेटियों को इस जानलेवा बीमारी से बचाने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है, ताकि भविष्य में किसी भी बेटी की मृत्यु सर्वाइकल कैंसर से न हो।

उन्होंने जानकारी दी कि केंद्र सरकार द्वारा बिहार को एचपीवी वैक्सीन की 6.5 लाख डोज उपलब्ध कराई जा चुकी है। इन डोज को सभी जिलों में भेजा जा रहा है तथा जिला अस्पतालों से लेकर प्रखंड स्तर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक टीका उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण अध्याय साबित होगा।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि बिहार में पहले से 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बच्चियों के लिए सर्वाइकल कैंसर से बचाव का टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत पहला डोज देने के छह महीने बाद दूसरा डोज लगाया जाता है। जिन बच्चियों को अभी दूसरा डोज नहीं मिल सका है, उन्हें भी जल्द टीकाकरण का लाभ दिया जाएगा।

इस अवसर पर राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पांडेय, डॉ. अनुपमा सिंह, डॉ. मनीष मंडल, अमिताभ सिंह, डॉ. राजेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story