विश्व गौरैया दिवस पर पटना जैविक उद्यान में जागरूकता कार्यक्रम, संरक्षण का दिया गया संदेश
-विश्व गौरैया दिवस पर संजय गांधी जैविक उद्यान में जागरूकता कार्यक्रम
पटना, 20 मार्च (हि.स.)। विश्व गौरैया दिवस के अवसर पर राजधानी पटना स्थित संजय गांधी जैविक उद्यान में शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राज्य के मंत्री प्रमोद कुमार ने लोगों से अपील की कि वे अपने जीवन में एक स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने नेचर एजुकेशन लाइब्रेरी का अवलोकन किया, जहां गौरैया से जुड़ी तस्वीरें, पेंटिंग, घोंसले और विभिन्न कलाकृतियां प्रदर्शित की गई थीं। उन्होंने इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि “वसुधैव कुटुंबकम” की भावना हमें यह सिखाती है कि पृथ्वी पर हर जीव का समान अधिकार है और हमें सभी के संरक्षण के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
मंत्री प्रमोद कुमार ने चिंता जताई कि तेजी से हो रहे शहरीकरण और विकास के कारण पक्षियों और वन्यजीवों का अस्तित्व खतरे में पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसे बचाने के लिए सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी बेहद जरूरी है। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी गौरैया संरक्षण का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर संजय गांधी जैविक उद्यान के 3डी थिएटर में पटना जू के मोबाइल ऐप और नई वेबसाइट का लोकार्पण भी किया गया। साथ ही मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर ‘जू गाइड फैसिलिटी’ को रवाना किया, जिससे पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सकेगा।
जू निदेशक हेमंत पाटिल ने बताया कि इस नए मोबाइल ऐप के जरिए आगंतुकों को उद्यान में नेविगेशन, पशु-पक्षियों और वनस्पतियों की विस्तृत जानकारी, टिकट बुकिंग, फीडबैक और कंट्रोल रूम से संपर्क जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम में ‘स्पैरो मैन ऑफ बिहार’ के नाम से प्रसिद्ध अर्जुन सिंह को गौरैया संरक्षण में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा कौन बनेगा करोड़पति के विजेता सुशील कुमार को भी इस दिशा में उनके प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया।
इस दौरान विभिन्न स्कूलों से आए बच्चों ने पेंटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और गौरैया बचाने का संदेश व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया गया।------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

